Supaul: जन सुराज के सूत्रधार प्रशांत किशोर सोमवार को बिहार बदलाव यात्रा के तहत सुपौल और अररिया के दौरे पर हैं. सुपौल के छातापुर में उन्होंने नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव के “सूत्र मूत्र” वाले बयान पर निशाना साधा. उन्होंने कहा कि ऐसी भाषा का प्रयोग करना उनके संस्कार, संस्कृति और बैकग्राउंड के बारे में बताता है. तेजस्वी यादव से इससे बेहतर भाषा की उम्मीद नहीं रख सकते हैं.
कट्टा बांटने वाला प्रदेश
प्रशांत किशोर ने आगे कहा कि तेजस्वी यादव कट्टा बांटने वाले लोग हैं. उनके पिताजी के राज में बिहार को कट्टा बनाने वाले प्रदेश के तौर जाना जाता था. वो अगर जीत कर आएंगे तो फिर से बिहार को कट्टा बेचने वाला, अपहरण, डकैती और लूटमार वाला प्रदेश बना देंगे.
नीतीश की तबीयत काम करने लायक नहीं
इसके साथ ही उन्होंने बिहार में बिगड़ती कानून-व्यवस्था को लेकर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर निशाना साधा. प्रशांत किशोर ने कहा कि अब नीतीश कुमार नहीं, उनके अगल-बगल के तीन-चार भ्रष्ट अफसर और मंत्री सरकार चला रहे हैं. नीतीश कुमार अब शारीरिक और मानसिक तौर पर काम करने लायक नहीं हैं. जब तक बिहार में कोई मुखिया नहीं चुना जाएगा, तब तक स्थिति बिगड़ती जाएगी. इसलिए ही बिहार की जनता अब जन सुराज को विकल्प के तौर पर देख रही है.
बिहार को बर्बाद करने के लिए चाहिए और 5 साल
मधेपुरा में PK ने नीतीश कुमार के 1 करोड़ रोजगार देने के वादे पर तंज कसते हुए कहा कि 20 साल से उन्हें नौकरी देने से किसने रोका था, 20 साल बिहार को बर्बाद करके उनका मन नहीं भरा, इसलिए 5 साल और चाहिए बर्बाद करने के लिए.
संजय झा को राम राज्य दिख रहा
प्रशांत किशोर ने संजय झा पर भी बड़ा हमला बोला है. उन्होंने कहा कि संजय झा को तो बिहार में कानून व्यवस्था कायम ही दिखेगी, क्योंकि वो पुलिस सुरक्षा में जो हैं, यहां हर दिन हत्या की घटनाएं हो रही हैं और विडंबना ये है कि सत्ता के नशे में चूर इन लोगों को बिहार में रामराज्य दिख रहा है.
ये भी पढ़ें-
तेजस्वी यादव ने तोड़ा मर्यादा, कहा- सूत्र को हम मूत्र समझते हैं
बिहार की कानून व्यवस्था पर PK का तंज, कहा- सम्राट चौधरी को कानून-व्यवस्था की क्या समझ






