मधुबनी। भारतीय मित्र पार्टी (बीएमपी) के राष्ट्रीय अध्यक्ष धनेश्वर महतो ने मधुबनी स्थित पार्टी कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान केंद्र सरकार पर छात्रों के आंदोलन को लेकर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने छात्रों के साथ बड़ा धोखा किया है। सरकार ने पहले मुकदमे वापस लेने का भरोसा दिया था, लेकिन इसके विपरीत छात्रों को उनके घरों से उठाकर झूठे मुकदमों में फंसाया जा रहा है और उन्हें अपराधी बनाया जा रहा है।
धनेश्वर महतो ने आरोप लगाया कि दिल्ली के जंतर-मंतर पर हुए छात्र आंदोलन के दौरान आरएसएस के गुंडों ने प्रदर्शन को बाधित करने का प्रयास किया। उनका दावा है कि लाठी-डंडों से कई प्रदर्शनकारियों पर हमला किया गया, कई लोगों का सिर फोड़ दिया गया तथा बिना बैज वाले वर्दीधारी लोगों ने महिलाओं के साथ दुर्व्यवहार किया। उन्होंने यह भी कहा कि महाराष्ट्र में भी इसी प्रकार की घटनाएं देखने को मिली हैं।
प्रेस वार्ता के दौरान उन्होंने केंद्र सरकार और आरएसएस पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि देश में ऐसा प्रतीत नहीं होता कि सरकार नाम की कोई व्यवस्था बची है। उन्होंने आरोप लगाया कि आरएसएस समाज में नफरत फैलाने का काम कर रहा है तथा अपने 100 वर्षों के इतिहास में उसने सीमा पर किसी युद्ध में भाग नहीं लिया, बल्कि देश के भीतर लोगों के बीच वैमनस्य पैदा किया है। उन्होंने आरएसएस को लेकर कई गंभीर आरोप भी लगाए।
धनेश्वर महतो ने मांग की कि छात्रों पर दर्ज सभी कथित झूठे मुकदमे तत्काल वापस लिए जाएं। साथ ही उन्होंने उन प्रशासनिक अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई की भी मांग की, जिन पर छात्रों के खिलाफ बल प्रयोग, आंसू गैस के गोले छोड़ने, फायरिंग कराने और पत्थरबाजी कराने के आरोप लगाए गए।
उन्होंने चेतावनी दी कि यदि केंद्र सरकार ने अपनी कार्यशैली में बदलाव नहीं किया और छात्रों के खिलाफ की गई कार्रवाई वापस नहीं ली, तो भारतीय मित्र पार्टी पूरे बिहार में रथ यात्रा निकालेगी और सरकार की कथित नीतियों एवं कार्रवाइयों को गांव-गांव तक पहुंचाएगी।
प्रेस वार्ता के दौरान प्रदेश अध्यक्ष राजेश कुमार महतो, श्रीमती बीना देवी, दिलीप महतो, संतोष चौधरी, रामबाबू चौधरी, उमेश भंडारी, मोहम्मद आलम और मोहम्मद जावेद सहित पार्टी के अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता भी उपस्थित रहे।






