NDA का बिहार बंद, मधुबनी, सहरसा और नालंदा में दिखा असर, सड़कें जाम, ऑफिस जाने वाले हुए परेशान

By: Hemlata Karn

On: Thursday, September 4, 2025 11:12 AM

Google News
Follow Us
  • रिपोर्ट- मानस मिहिर/विकास कुमार/वीरेंद्र कुमार

Madhubani/Saharsa/Nalanda: NDA का बिहार बंद. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मां के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी को लेकर भाजपा कार्यकर्ता उग्र हो गए. गुरुवार को राज्य के सभी जिला मुख्यालय से लेकर प्रखंडों तक कार्यकर्ता बिहार बंद को सफल बनाने के लिए सड़क पर उतरे. जगह जगह सड़क जाम किया गया.

मधुबनी जिला मुख्यालय में थाना चौक, कोतवाली चौक से लेकर तमाम जगहों पर एनडीए के कार्यकर्ता सड़क पर उतरे और जाम कर दिया. मेयर अरुण राय, बीजेपी के जिला उपाध्यक्ष प्रमोद कुमार, बीजेपी नेता मनोज समेत कई नेता और कार्यकर्ता कोतवाली चौक पर प्रदर्शन में शामिल हुए. कार्यकर्ता काफी आक्रोशित दिखे.

मधुबनी के थाना चौक पर महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं ने आक्रोशपूर्ण प्रदर्शन किया. महिला मोर्चा की मंत्री रीन सर्राफ, वार्ड सात की पार्षद कविता झा समेत तमाम नेता और कार्यकर्ता इस प्रदर्शन में शामिल हुए. इस दौरान राहुल गांधी-तेजस्वी यादव मुर्दाबाद के नारे लगाए जाते रहे. मां का अपमान नहीं सहेगा हिंदुस्तान जैसे नारा भी कार्यकर्ता लगा रहे थे.

इस बीच आने जाने वाले लोगों को परेशानियों का भी सामना करना पड़ा. ऑफिस और अपने कार्यक्षेत्र पर जाने वाले लोग खासा परेशान दिखे. मुख्य मार्ग जाम होने के कारण लोग वैकल्पिक रास्ते की ओर जाने लगे रास्ता संकीर्ण होने के कारण गलियों में भी जाम जैसी स्थिति उत्पन्न हो गई.

नालंदा में बंद का असर

नालंदा के रहुई प्रखंड के पतासंग गांव के पास NH–20 पर सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने जाम लगा दिया. इससे राजमार्ग पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और आमजन को खासी परेशानी झेलनी पड़ी. इस दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने राहुल गांधी–तेजस्वी यादव मुर्दाबाद और मां का अपमान नहीं सहेंगे के जोरदार नारे लगाए. बाजारों को बंद कराया गया और विरोध मार्च भी निकाला गया.

प्रदर्शन का नेतृत्व महिला मोर्चा अध्यक्ष सीता देवी, मंडल अध्यक्ष बिट्टू सिंह, युवा जिला उपाध्यक्ष राजवीर सिंह, पूर्व मंडल अध्यक्ष मनोज सिंह और महामंत्री रवि रंजन पांडेय ने किया. नेताओं ने कहा कि प्रधानमंत्री की मां को लेकर अभद्र शब्द बोलना किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं होगा. यही कारण है कि हमने शांतिपूर्ण तरीके से बिहार बंद और सड़क जाम किया है.

मां का अपमान नहीं सहेगा हिंदुस्तान

नेताओं ने स्पष्ट किया कि बंद के दौरान एम्बुलेंस और मरीजों को जाने दिया गया, लेकिन अन्य वाहनों को रोककर विरोध दर्ज कराया गया. उन्होंने मांग की कि राहुल गांधी और तेजस्वी यादव सार्वजनिक रूप से माफी मांगें. राजनीति मुद्दों पर होनी चाहिए, परिवार की मां–बहन को लेकर नहीं.

सहरसा में बंद का असर

बिहार बंद का असर सहरसा में भी देखा जा रहा है, सुबह से ही NDA के नेता और कार्यकर्ता सड़क पर उतड़कर जोरदार प्रदर्शन कर रहे हैं, प्रदर्शनकारियों में बड़ी संख्यां में महिलाएं भी शामिल हुई. इस दौरान प्रदर्शन कर रहे कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी और RJD के तेजस्वी यादव के विरोध में जमकर नारेबाजी की. प्रदर्शन कर रहे कार्यकर्ताओं का कहना है कि जिस तरह से प्रधानमंत्री जी की मां के विषय में अभद्र टिप्पणी की गई है वो समस्त देशवासियों के मां का अपमान है इसलिए राहुल गांधी और तेजस्वी यादव माफी मांगें.

ये भी पढ़ें-

एनडीए नेताओं की चेतावनी, कनफुकवा गैंग से रहें सतर्क, अजय आलोक ने एनडीए और महागठबंधन का मतलब बताया

वोटर अधिकार यात्रा में पहुंचे सिर्फ ‘इच्छाधारी’, शाहनवाज हुसैन की कड़ी प्रतिक्रिया

For Feedback - feedback@example.com

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment