- संवाददाता- वीरेंद्र कुमार
Nalanda: नालंदा जिला के अस्थावां विधानसभा क्षेत्र के बिंद हाई स्कूल मैदान में शुक्रवार को एनडीए का विशाल कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित किया गया. सम्मेलन में एनडीए के घटक दलों जदयू, भाजपा और हम के कार्यकर्ता भारी संख्या में पहुंचे.
बलवापर गांव से जदयू किसान प्रकोष्ठ के प्रदेश उपाध्यक्ष त्रिनयन कुमार दर्जनों गाड़ियों और सैकड़ों समर्थकों संग बैंड-बाजे के साथ सम्मेलन स्थल पर पहुंचे. इस दौरान उनके समर्थन में त्रिनयन कुमार जिंदाबाद के नारे गूंजे. वहीं बेनाड़ मोड़ से जिला परिषद सदस्य पप्पू कुमार और प्रशांत कुमार उर्फ राजा बाबू भी सैकड़ों समर्थकों के साथ शामिल हुए.
कार्यकर्ता सम्मेलन में आगामी 2025 विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर चर्चा हुई. इस दौरान पूरे मैदान में फिर से नीतीश का नारा गूंजा. मंत्री विजय चौधरी ने तेजस्वी यादव पर निशाना साधते हुए कहा कि वे नीतीश कुमार को भ्रष्टाचार का पितामह कहकर अपनी हताशा जाहिर कर रहे हैं. जबकि असलियत यह है कि भ्रष्टाचारियों के खिलाफ जब संविधान संशोधन का बिल आया तो महागठबंधन ने ही उसका विरोध किया. उन्होंने नीतीश कुमार को राजनीति की शुचिता और ईमानदारी का प्रतीक बताते हुए कहा कि आज की तारीख में उनकी तरह स्वच्छ छवि वाला दूसरा नेता नहीं है.
कांग्रेस द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मां पर बनाए गए एआई जेनरेटेड वीडियो को लेकर भी उन्होंने कड़ा रुख अपनाया. विजय चौधरी ने कहा कि किसी की मां का अपमान करना या व्यक्तिगत टिप्पणी करना राजनीतिक नहीं बल्कि सिरफिरेपन की निशानी है. वहीं केंद्रीय मंत्री ने भी स्पष्ट किया कि मां भारती का अपमान कोई भी देशवासी बर्दाश्त नहीं करेगा
सम्मेलन के अंत में एनडीए नेताओं ने कार्यकर्ताओं से आगामी चुनाव में मजबूती से एनडीए को विजयी बनाने का संकल्प लेने का आह्वान किया.
ये भी पढ़ें-
एनडीए कार्यकर्ता सम्मेलन: युवाओं के आकर्षण का केंद्र बने CM नीतीश कुमार के बेटे निशांत की तस्वीरें
एनडीए नेताओं की चेतावनी, कनफुकवा गैंग से रहें सतर्क, अजय आलोक ने एनडीए और महागठबंधन का मतलब बताया






