- संवाददाता- वीरेंद्र कुमार
Nalanda: नालंदा में नाली विवाद में धारदार हथियार से हमला करने का मामला सामने आया है. इस हमले में पंचायत समिति सदस्य घायल हो गए हैं. नालंदा जिले के अस्थावां थाना क्षेत्र के उगमा पंचायत के लाखनु बिगहा गांव में एक मामूली सा लगने वाला नाली विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया. इस घटना में पंचायत समिति सदस्य 50 वर्षीय नवीन प्रसाद पर धारदार हथियारों से जानलेवा हमला किया गया.
बीच-बचाव करने पर हमला
हमलावरों ने उन्हें बुरी तरह से घायल कर दिया, जिससे उनकी हालत गंभीर हो गई. घटना की शुरुआत नवीन प्रसाद की सास और कुशेश्वर महतो के बीच नाली में पानी गिराने के मुद्दे पर विवाद से हुई. जब नवीन प्रसाद ने बीच-बचाव करने की कोशिश की तो कुशेश्वर महतो, भरत महतो और किशोरी महतो ने उन पर धारदार हथियारों से हमला कर दिया.

नाली में पानी गिराने पर विवाद
नवीन प्रसाद ने बताया कि विरोधी पक्ष उन्हें नाली में पानी गिराने से रोक रहा था जबकि नाली किसी की व्यक्तिगत संपत्ति नहीं है बल्कि यह सबकी है. इसी बात पर विवाद इतना बढ़ गया कि हमलावरों ने उन पर जानलेवा हमला कर दिया.
गंभीर हालत में चल रहा है इलाज
इस घटना की पुष्टि के लिए थाना अध्यक्ष को फोन किया गया, लेकिन उनका नंबर बंद पाया गया. नवीन प्रसाद का इलाज निजी क्लीनिक में चल रहा है, जहां उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है.
ये भी पढ़ें-
नालंदा में दारोगा ने खुद को मारी गोली, पारिवारिक विवाद या विभागीय दबाव जांच में जुटी पुलिस
नालंदा में दो किशोरों की नदी में डूबने से मौत, दो गांवों में पसरा मातम






