जिन्हें पीएम का नाम याद नहीं उन्हें बिहार पर थोप रखा है, नीतीश पर पीके का बड़ा बयान

By: Jan Manas

On: Saturday, May 31, 2025 5:38 PM

Google News
Follow Us

East Champaran: बिहार में संपूर्ण क्रांति और व्यवस्था परिवर्तन के उद्देश्य से शुरू की गई ‘बिहार बदलाव यात्रा’ के तहत आज जन सुराज के सूत्रधार प्रशांत किशोर एक दिवसीय दौरे पर पूर्वी चंपारण पहुंचे. उन्होंने जिले के हरसिद्धि और पताही प्रखंड में आयोजित ‘बिहार बदलाव सभा’ को संबोधित किया.

पूर्वी चंपारण पहुंचने पर प्रशांत किशोर का विभिन्न स्थानों पर बड़ी संख्या में पार्टी और उनके समर्थकों ने उनका जोरदार स्वागत किया. ढोल-नगाड़ों के साथ समर्थकों ने उन्हें फूल-माला से लाद दिया. इसके साथ ही उनके कई समर्थकों ने उन्हें लीची देकर उनका स्वागत किया. प्रशांत किशोर की पीछे गाड़ियों का लंबा काफिला चल रहा था.

चेहरा देखकर न दें वोट

जनसभा को संबोधित करते हुए प्रशांत किशोर ने कहा कि बिहार में अधिकारी और नेता राशन कार्ड बनाने से लेकर जमीन की रसीद कटाने तक के लिए रिश्वत ले रहे हैं, जिससे आम लोग परेशान हैं. उन्होंने चंपारण की जनता से अपील की कि उन्हें और उनके बच्चों को लूटने वाले नेताओं को वोट न दें. अगली बार अपने बच्चों के लिए वोट दें और बिहार में जनता का राज स्थापित करें. बिहार में व्यवस्था परिवर्तन कर जनता का राज स्थापित करने के लिए नेताओं का चेहरा देखकर वोट न करें. चुनाव में वोट लालू, नीतीश और मोदी के चेहरे पर नहीं अपने बच्चों के चेहरे को देखकर दीजिएगा. अगली बार अपने बच्चों की शिक्षा और रोजगार के लिए वोट करें.

नीतीश कुमार को प्रधानमंत्री का नाम भी याद नहीं, लेकिन भाजपा ने पिछले दरवाजे से सरकार चलाने के लिए उन्हें 13 करोड़ लोगों पर थोप रखा है.- प्रशांत किशोर

लालू से सीखें बच्चों की चिंता कैसे करें

प्रशांत किशोर ने जनता को उदाहरण देते हुए समझाया कि बिहार के लोगों को लालू जी से सीखना चाहिए कि बच्चों की चिंता क्या होती है. उन्होंने कहा कि लालू जी का बेटा 9वीं पास भी नहीं किया है, फिर भी वह चाहते हैं कि उनका बेटा राजा बने और दूसरी तरफ बिहार के लोग जिनके बच्चे मैट्रिक, बी.ए. (B.A), एम.ए. (M.A) कर चुके हैं, फिर भी उन्हें नौकरी नहीं मिल रही है.

इस बार लालू, नीतीश और मोदी के चेहरे पर नहीं, बल्कि अपने बच्चों की शिक्षा और रोजगार के लिए वोट देना है.- प्रशांत किशोर

बीजेपी ने नीतीश को थोपा

जनसभा के बाद पत्रकारों से बात करते हुए प्रशांत किशोर ने प्रधानमंत्री मोदी पर बड़ा हमला बोलते हुए कहा कि नीतीश कुमार जिन्हें प्रधानमंत्री मोदी का नाम भी याद नहीं है, उन्हें भाजपा ने बिहार की 13 करोड़ जनता पर थोप रखा है. नीतीश कुमार की मानसिक और शारीरिक स्थिति ऐसी नहीं है कि वे सरकार चला सकें. फिर भी पिछले दरवाजे से सरकार में घुसने के लिए भाजपा ने नीतीश कुमार को मुख्यमंत्री बना रखा है. हम लगातार कह रहे हैं कि मोदी जी और अमित शाह बताएं कि क्या नीतीश कुमार ही NDA के मुख्यमंत्री का चेहरा होंगे.

दिसंबर 2025 से 60 वर्ष से अधिक आयु के प्रत्येक पुरुष और महिला को 2000 रुपये मासिक पेंशन मिलेगी, 15 वर्ष से कम आयु के बच्चों को निजी स्कूलों में भी मुफ्त शिक्षा मिलेगी.- प्रशांत किशोर

प्राइवेट स्कूलों में बच्चों को पढ़ाएंगे

प्रशांत किशोर ने मोतिहारी की जनता से बड़ा वादा करते हुए कहा कि दिसंबर 2025 से 60 साल से अधिक उम्र के हर पुरुष और महिला को 2000 रुपये मासिक पेंशन दी जाएगी. उन्होंने कहा कि इस साल छठ के बाद बिहार के युवाओं को 10-12 हजार रुपये की मजदूरी करने के लिए अपना घर-परिवार छोड़कर नहीं जाना पड़ेगा. इसके साथ ही उन्होंने बड़ा ऐलान करते हुए कहा कि जब तक सरकारी विद्यालयों में सुधार नहीं हो जाएगा, तब तक आप अपने 15 साल से कम उम्र के बच्चों को निजी स्कूलों में पढ़ाएं और उनकी फीस सरकार भरेगी ताकि गरीब का बच्चा भी अंग्रेजी मीडियम स्कूल में पढ़ सके.

For Feedback - feedback@example.com

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment