भोजपुर पहुंची PK की बिहार बदलाव यात्रा, कहा- मोदी जी भी नीतीश चचा के लिए वोट मांगने आएं तो मत दीजिए

By: Jan Manas

On: Thursday, June 26, 2025 4:34 PM

Google News
Follow Us

Bhojpur: जन सुराज के सूत्रधार प्रशांत किशोर अपनी ‘बिहार बदलाव यात्रा’ के तहत लगातार अलग-अलग जिलों और प्रखंडों में लोगों से संवाद कर रहे हैं और स्थानीय पत्रकारों से भी बात कर रहे हैं. इसी कड़ी में आज उन्होंने भोजपुर के कोईलवर, बड़हरा और आरा प्रखंडों में आयोजित बिहार बदलाव सभा को संबोधित किया. उनकी पहली सभा कोईलवर के बिरमपुर गांव में, दूसरी बड़हरा के सरैया गांव में और तीसरी आरा के इजारी गांव में हुई थी. उन्होंने जनसभा को संबोधित करने से पहले बखोरापुर मंदिर में पूजा-अर्चना की.

पटना से भोजपुर के रास्ते में प्रशांत किशोर का विभिन्न स्थानों पर नागरिक अभिनंदन किया गया. इसी कड़ी में कायमनगर बाजार, बखोरापुर, नेखाम टोला, गुंडी बाजार, सरैया बाजार, सशिर्वा बाजार, बलुआ बाजार, सलेमपुर बाजार आदि स्थानों पर बड़ी संख्या में पार्टी और उनके समर्थकों ने ढोल- नगाड़ों के साथ जोरदार स्वागत किया. समर्थकों ने उन्हें फूल-माला से लाद दिया. प्रशांत किशोर के पीछे गाड़ियों का लंबा काफिला चल रहा था.

अपने संबोधन में प्रशांत किशोर ने प्रधानमंत्री मोदी पर हमला करते हुए कहा कि मोदी जी बिहार की जनता से वोट लेकर गुजरात में फैक्ट्री लगा रहे हैं. पूरे देश का पैसा लेकर गुजरात के गांव-गांव में फैक्ट्री लगाई जा रही हैं और भोजपुर, आरा के बच्चे वहां जाकर मजदूरी करने को मजबूर हैं. उन्होंने जनता से पूछा कि जब वोट आपका है तो फैक्ट्री कहां लगनी चाहिए, गुजरात में या बिहार में?

जनसभा के बाद पत्रकारों से बात करते हुए प्रशांत किशोर ने जन सुराज को “स्कूल बैग” चुनाव चिन्ह देने के लिए चुनाव आयोग को धन्यवाद दिया और कहा कि बिहार से गरीबी, अशिक्षा और बेरोजगारी को खत्म करने का एकमात्र रास्ता शिक्षा है. बिहार से अशिक्षा को खत्म करने का रास्ता स्कूल बैग है. पिछले 30-35 सालों से लालू-नीतीश के शासन ने बिहार को मजदूर राज्य बना दिया है. जन सुराज की सोच है कि बिहार के बच्चे स्कूल बैग लेकर पढ़ेंगे और रोजगार पाएंगे.

प्रशांत किशोर ने जब लोगों से पूछा कि क्या वे नीतीश कुमार को फिर से मुख्यमंत्री बनाना चाहते हैं या इस बार उन्हें बाय-बाय कहना चाहते हैं, तो सभा में मौजूद हजारों लोगों ने हाथ उठाकर कहा कि इस बार नीतीश कुमार को बाय-बाय कर देना चाहिए. इस बार अगर प्रधानमंत्री मोदी भी उनके लिए वोट मांगें तो भी उन्हें वोट नहीं देना चाहिए. इसके साथ ही उन्होंने कहा कि इस बार बिहार में जनता का राज स्थापित होना चाहिए, न कि लालू, नीतीश या मोदी का राज.

इसके साथ ही उन्होंने जनता से अपील की कि उन्हें और उनके बच्चों को लूटने वाले नेताओं को वोट न दें. अगली बार अपने बच्चों के लिए वोट दें और बिहार में जनता का राज स्थापित करें. बिहार में व्यवस्था परिवर्तन कर जनता का राज स्थापित करने के लिए नेताओं का चेहरा देखकर वोट न करें. चुनाव में वोट लालू, नीतीश और मोदी के चेहरे पर नहीं अपने बच्चों के चेहरे को देखकर दीजिएगा. अगली बार अपने बच्चों की शिक्षा और रोजगार के लिए वोट करें.

ये भी पढ़ें-

लालू यादव के आरजेडी अध्यक्ष बनने पर PK का तंज, सम्राट चौधरी को भी लपेटा, कहा- भरोसे लायक नहीं

PK ने ‘DK टैक्स’ पर तेजस्वी को घेरा, बोले- सरकार में थे तब मलाई खा रहे थे, अब बाप-बाप कर रहे हैं

For Feedback - feedback@example.com

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment