- रिपोर्ट- वीरेंद्र कुमार
Nalanda: लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री पशुपतिनाथ पारस मंगलवार को नालंदा डबल मर्डर के पीड़ित से मिलने डुमरावां गांव पहुंचे. उनके साथ पूर्व सांसद प्रिंस राज भी मौजूद थे. दोनों नेताओं ने हाल ही में दोहरे हत्याकांड में मारी गई अन्नू कुमारी और हिमांशु कुमार के परिजनों से मुलाकात कर संवेदना प्रकट की.
गौरतलब है कि 7 जुलाई की देर शाम गांव में चल रहे अखंड कीर्तन के दौरान मामूली विवाद में अन्नू और हिमांशु की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी. इस जघन्य वारदात को लेकर पारस ने राज्य सरकार पर जमकर निशाना साधा.

पूर्व केंद्रीय मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के गृह जिले में ऐसी निर्मम घटना होना बिहार के लिए शर्मनाक है. उन्होंने कहा कि अपराधियों में कानून का कोई डर नहीं रह गया है और मुख्यमंत्री सिर्फ कुर्सी बचाने में व्यस्त हैं.
पारस ने मुख्यमंत्री पर दलित और पासवान विरोधी होने का आरोप भी लगाया. उन्होंने कहा कि यह घटना सिर्फ दो लोगों की हत्या नहीं, बल्कि पूरी पासवान समाज को डराने की साजिश है. मुख्यमंत्री को इसकी जवाबदेही लेनी चाहिए.

इसके साथ ही उन्होंने इशारों में स्थानीय मंत्री पर बड़ा हमला बोला. उन्होंने कहा कि इस हत्याकांड का मास्टरमाइंड नालंदा जिले में ही छिपा है, जिसे सरकार के मंत्रियों का संरक्षण प्राप्त है. पारस ने इस मंत्री का नाम लिए बिना कहा की जो जिम्मेदार है, वह सत्ता की छांव में खुला घूम रहा है.
पूर्व सांसद प्रिंस राज ने भी घटना की निंदा करते हुए दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी और मामले की उच्च स्तरीय जांच की मांग की. परिजन बोले– हम डर में जी रहे हैं. हत्याकांड से आहत परिजनों ने बताया कि अभी तक मुख्य आरोपी फरार है और गांव में डर का माहौल है. उन्होंने नेताओं से सुरक्षा और न्याय की गुहार लगाई.
ये भी पढ़ें-
नालंदा में बिहार बंद का दिखा असर, कई जगहों पर बंद समर्थकों और आम लोगों में दिखी तनातनी






