- संवाददाता- विजय कुमार
Jamui: जिले के खैरा प्रखंड के मांगोबंदर से नेचर विलेज के संस्थापक सह पूर्व सीओ निर्भय प्रताप सिंह के नेतृत्व मे तिरंगे के सम्मान में राष्ट्र गुणगान यात्रा निकाली गई. मांगोबंदर गांव से शुरू हुई यात्रा टिहिया, डेहरीडीह, बागाखाड होते हुए कागेसर तक गई. इस यात्रा में सैकडों की संख्या में सभी गांवों के बुद्धिजीवी, महिलाएं व बड़ी संख्या में युवा और बच्चे शामिल हुए.
इस मौके पर हाथ में तिरंगा लिए यात्रा का नेतृत्व कर रहे निर्भय प्रताप सिंह ने लोगों को बताया कि राष्ट्र गुणगान यात्रा के माध्यम से तिरंगा का सम्मान बढाया जा रहा है. उन्होंने कहा कि तिरंगा हमारा और हमारे देश का गुरुर है. यह हमें राष्ट्रप्रेम की भावना से जोड़ता है. हमें एकता व अखंडता के सूत्र में बांधता है और सतत प्रगतिशील पथ पर आगे बढने की प्रेरणा देता है.
निर्भय प्रताप सिंह ने कहा कि देश के किसी भी व्यक्ति या संस्था को तिरंगा के सम्मान में निकाली गई कोई भी यात्रा को रोकने का कोई हक नहीं है और अगर ऐसा कोई करता है तो इसका मतलब है कि वह राष्ट्र विरोधी गतिविधियों में खुद की संलिप्तता का प्रमाण देता है. उन्होंने कहा कि तिरंगा हमें समानता व स्वतंत्रता का भी बोध कराता है. साथ ही हमें यह एहसास कराता है कि हम स्वतंत्र देश के नागरिक हैं.
हमें ऊंची उड़ान उड़ने का हक है. तिरंगा हमें कर्तव्य बोध भी कराता है. वह बताता है कि देश के विकास में हमारी भी जिम्मेदारी है. उन्होंने बताया कि अगर देश को विश्व गुरु बनाना है तो देश की नई पीढी को तिरंगे के सम्मान से अवगत कराना होगा और उन्हें उनकी जिम्मेदारी बतानी होगी.
तिरंगा के सम्मान में निकाली गई राष्ट्र गुणगान यात्रा की शुरुआत के पहले मांगोबंदर स्थित पूर्व स्वतंत्रता सेनानी स्व जगदीश लोहार के तैलचित्र पर पुष्प अर्पित कर और उन्हें श्रद्धांजलि देकर यात्रा की शुरुआत की गई. इस दौरान लोगों में अच्छा खासा उत्साह था और लोग देश प्रेम की भावना से ओत प्रोत दिखे.
ये भी पढ़ें-
ऑपरेशन सिंदूर की गूंज तिरंगा यात्रा में: नालंदा में दिखा देशभक्ति का जोश






