- संवाददाता- वीरेंद्र कुमार
Nalanda: पूर्व केंद्रीय मंत्री आरसीपी सिंह ने ऐलान किया कि जन सुराज की सरकार बनी तो खत्म होगी शराबबंदी. जन सुराज पार्टी की ओर से सोमवार को नालंदा जिले के मोहनपुर गांव में बिहार बदलाव संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया. कार्यक्रम का उद्घाटन पूर्व केंद्रीय मंत्री और पार्टी के वरिष्ठ नेता रामचंद्र प्रसाद सिंह (RCP सिंह) ने किया. बड़ी संख्या में ग्रामीण, कार्यकर्ता और समर्थक कार्यक्रम में शामिल हुए.
शराबबंदी कानून होगा खत्म
बैठक का उद्देश्य पार्टी संगठन को मजबूत करना और आगामी विधानसभा चुनावों की रणनीति तैयार करना रहा. संवाद के दौरान राज्य में लागू शराबबंदी कानून चर्चा का मुख्य केंद्र रहा. वक्ताओं ने साफ तौर पर कहा कि अगर बिहार में जन सुराज पार्टी की सरकार बनती है, तो एक घंटे के भीतर शराबबंदी कानून को खत्म कर दिया जाएगा.
उद्योग स्थापित करने की योजना नहीं
सभा को संबोधित करते हुए RCP सिंह ने राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला. उन्होंने कहा कि बिहार में विकास की बातें पीछे छूट गई हैं. सरकार की पूरी ऊर्जा जातिगत जनगणना और अगड़ा-पिछड़ा की राजनीति में लगी है. न तो रोजगार की चर्चा हो रही है, न ही उद्योग-धंधे स्थापित करने की कोई योजना दिख रही है.
बढ़ते अपराध के लिए नीतीश जिम्मेदार
पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी द्वारा बिहार में बढ़ते अपराध को लेकर दिए गए बयान पर RCP सिंह ने सीधा जवाब देते हुए कहा कि बिहार में गृह विभाग खुद मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के पास है. अगर अपराध बढ़ रहा है तो इसकी सीधी जिम्मेदारी भी उन्हीं की बनती है. कार्यक्रम के अंत में पार्टी नेताओं ने कहा कि जनता अब बदलाव चाहती है और जन सुराज पार्टी एक सशक्त विकल्प के रूप में सामने आ रही है. पार्टी का फोकस जमीनी मुद्दों और वास्तविक विकास कार्यों पर रहेगा.
ये भी पढ़ें-
UPSC अभ्यर्थी अगर नहीं बने IAS-IPS तो जन सुराज में कर सकते हैं संपर्क! उनका सपना होगा साकार
पारस हॉस्पिटल मर्डर पर PK ने ADG को घेरा, कहा- बयान उनकी मानसिकता को दिखाता है






