- संवाददाता- विजय कुमार
Jamui: जमुई के पूर्व विधायक अजय प्रताप सिंह ने केंद्र और राज्य सरकार पर बड़ा हमला बोला है. उन्होंने कहा कि मोदी सरकार और बिहार सरकार वोटर अधिकार यात्रा से घबराई हुई है और इसे असफल करने की हर कोशिश कर रही है.
पूर्व विधायक ने दावा किया कि नवादा, सासाराम, औरंगाबाद से लेकर जमुई तक हजारों की भीड़ इस यात्रा के साथ खड़ी है. जनता अपने वोट और अधिकार के लिए सड़क पर उतर आई है और अब बदलाव तय है. सिंह ने कहा कि चुनाव आयोग की जिम्मेदारी केवल चुनाव कराने तक सीमित है, नागरिकता तय करना उसका काम नहीं है. लेकिन मौजूदा परिस्थितियों में आयोग की भूमिका पर सवाल उठ रहे हैं.
उन्होंने मतदाता सूची में की जा रही गड़बड़ियों को साजिश बताते हुए आरोप लगाया कि यह लोकतंत्र पर सीधा हमला है. मतदाता सूची से नाम हटाना और छेड़छाड़ करना जनता के अधिकार छीनने के बराबर है, जो किसी भी लोकतांत्रिक व्यवस्था में स्वीकार्य नहीं है.
इधर, वोटर अधिकार यात्रा लगातार बिहार के अलग-अलग जिलों में जनता का समर्थन जुटा रही है. यात्रा के पांचवें दिन बुधवार को यह शेखपुरा से शुरू होकर जमुई जिले के सिकंदरा होते हुए लखीसराय से मुंगेर के सफियाबाद एयरपोर्ट पहुंची, जहां रात में इसका पड़ाव रहेगा.
पूर्व विधायक अजय प्रताप सिंह ने कहा कि जिस तरह से लोग भारी संख्या में यात्रा से जुड़ रहे हैं, उससे यह साफ है कि आम जनता अपने वोट के अधिकार के सवाल पर किसी भी दबाव में झुकने वाली नहीं है. उन्होंने चेतावनी दी कि अगर जनता की आवाज दबाने की कोशिश हुई तो सरकार को इसका जवाब चुनाव में मिलेगा.
ये भी पढ़ें-
वोटर अधिकार यात्रा: सिकंदरा पूर्व विधायक बंटी चौधरी ने कहा– जनता का हक मारने नहीं देंगे
राहुल गांधी पर तेजस्वी यादव का बड़ा बयान, कहा- अगली बार बनाएंगे प्रधानमंत्री






