- संवाददाता- वीरेंद्र कुमार
Nalanda: 27 जुलाई को होने वाली सिपाही भर्ती परीक्षा को लेकर जिले के 23 परीक्षा केंद्रों पर तैयारी पूरी है, लेकिन अभ्यर्थियों के ठहरने की व्यवस्था सवालों के घेरे में है. दूर-दराज से आए सैकड़ों युवा स्टेशन, बस स्टैंड और मंदिर परिसर में रात गुजारने को मजबूर दिखे.

कॉन्फिडेंट दिखे अभ्यर्थी
बारिश के बीच स्टेशन की फर्श पर लेटे छात्र किताबों में डूबे नजर आए. अभ्यर्थियों का कहना है कि होटल या तो महंगे हैं या पहले से फुल. हम तकलीफ झेल सकते हैं, बस इस बार परीक्षा पारदर्शी हो और पेपर लीक न हो, एक अभ्यर्थी की आवाज में भरोसा झलकता है.
सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम
प्रशासन ने नकल रोकने के लिए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं, लेकिन रैन बसेरे जैसी बुनियादी सुविधा की कमी ने अभ्यर्थियों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं. इसके बावजूद उनका हौसला काबिले-तारीफ है.

627 केंद्रों पर परीक्षा
बता दें कि बिहार में सिपाही भर्ती के लिए 19,838 पदों पर बहाली को लेकर चल रही यह परीक्षा का यह चौथा चरण है. 27 जुलाई को 38 जिलों के 627 केंद्रों पर परीक्षा आयोजित की जा रही है. अब तक तीन चरणों में 60 से अधिक अभ्यर्थियों पर नकल और धांधली के आरोप लग चुके हैं, जिससे परीक्षा की निष्पक्षता को लेकर राज्य सरकार और बिहार पुलिस ने कड़े प्रबंध किए हैं. अब तक हर चरण में करीब 2.5 लाख से अधिक परीक्षार्थियों ने हिस्सा लिया है. कुल 16.73 लाख अभ्यर्थियों को ई-एडमिट कार्ड जारी किए जा चुके हैं.
ये भी पढ़ें-
कड़ी सुरक्षा के बीच सहरसा में सिपाही भर्ती परीक्षा, इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस पर कड़ी निगरानी
सहरसा में 303 सिपाहियों को नियुक्ति पत्र मिला, डीआईजी ने दिलाई कर्तव्य और शराबबंदी की शपथ






