Patna: बिहार की राजनीति में चिराग पासवान की इन दिनों काफी चर्चा है. जब से उन्होंने बिहार में चुनाव लड़ने की बात कही है तब से बिहार की राजनीति काफी गर्म है. पार्टी की ओर से पोस्टर लगाकर उन्हें सीएम कैंडिडेट बताया जा रहा है जबकि खुद चिराग पासवान नीतीश कुमार को अगला सीएम बता रहे हैं. ऐसे में केंद्र की राजनीति को छोड़कर बिहार की राजनीति में एंट्री करने की बात लोगों को पच नहीं रहा है.
चिराग खड़ी कर रहे नीतीश के लिए चुनौती
बीजेपी और जेडीयू की ओर से स्पष्ट कर दिया गया है कि 2025 चुनाव का चुनाव नीतीश कुमार के नेतृत्व में लड़ा जाएगा. लेकिन बीजेपी की तरफ से कोई बड़े नेता की ओर से चुनाव के बाद नीतीश ही सीएम बनेंगे यह नहीं कहा गया है. राजनीति के जानकार चिराग पासवान के दिल्ली छोड़कर बिहार की राजनीति में आने की इच्छा को नीतीश कुमार के लिए बड़ी चुनौती मानते हैं.
सीएम न सही डिप्टी सीएम ही सही
राजनीति के जानकारों का मानना है कि चिराग पासवान ये सब एनडीए में अधिक सीट लेने के लिए कर रहे हैं. सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक चिराग पासवान 45 से 50 सीट चाह रहे हैं. उनका इस कदम से जेडीयू की मुश्किलें बढ़ सकती है. चिराग पासवान अच्छी तरह से जानते हैं कि वह मुख्यमंत्री के दौड़ में नहीं हैं. अगर उनकी पार्टी के पास सीटों की संख्या अधिक होगी तो उनके कद को देखते हुए उन्हें डिप्टी सीएम का ऑफर मिल सकता है. अगर डिप्टी सीएम बनते हैं तो चिराग पासवान और उनकी पार्टी को बिहार के खुलकर काम करने का मौका मिलेगा और उनके लक्ष्य बिहार फर्स्ट, बिहारी फर्स्ट को बढ़ावा मिलेगा.
बिहार फर्स्ट, बिहारी फर्स्ट को मिल रहा समर्थन
पिछले कुछ दिनों से चिराग पासवान के बिहार विधानसभा चुनाव लड़ने की बात कही जा रही है. सोमवार को फिर से चिराग पासवान ने इसे दोहराया है. उन्होंने कहा कि मैं लंबे समय तक केंद्रीय राजनीति में नहीं रहना चाहता. मैं बिहार और बिहार के लोगों के लिए राजनीति में आया हूं, मैं बिहार फर्स्ट, बिहारी फर्स्ट के अपने विजन को आगे बढ़ाना चाहता हूं. इसे लेकर पार्टी के सोशल मीडिया हैंडल पर कैंपेन भी चलाया जा रहा है. बिहार फर्स्ट, बिहार फर्स्ट के कैंपेन को युवाओं का काफी समर्थन मिल रहा है.
सामान्य सीट से लड़ेंगे चुनाव
चिराग पासवान के जीजा और पार्टी के सांसद अरुण भारती ने स्पष्ट कर दिया है कि चिराग पासवान किसी रिजर्व सीट से चुनाव नहीं लड़ेंगे बल्कि एक सामान्य सीट का सिलेक्शन किया गया है. संभावना है कि चिराग पासवान नवादा से चुनाव लड़ेंगे. यहां पर भूमिहार 70 हजार, यादव 55 हजार, एससी एसटी- 50 हजार और मुस्लिम और कुशवाहा समाज के 30 हजार वोटर हैं. चिराग चाहते हैं कि वह सभी वर्ग का प्रतिनिधित्व करते दिखे. इसलिए एक सामान्य सीट का चुनाव किया गया है.
ये भी पढ़ें- बिहार की राजनीति के हॉट केक चिराग पासवान, कहीं पर नजर कहीं पर निशाना, NDA में किसकी बढ़ा रहे परेशानी
ये भी पढ़ें- बिहार चुनाव से पहले नीतीश कुमार का बड़ा दांव, खेल दिया 15 प्रतिशत वोट पक्का करने पासा






