Muzaffarpur: पूर्वी चंपारण के एक युवक की मुजफ्फरपुर में हत्या कर दी गई है. बुधवार को उसका शव बुरी स्थिति में कोदरिया बूढ़ी गंडक से मिला. युवक का नाम अभिषेक कुमार है. उसकी उम्र 21 वर्ष बताई जा रही है. अभिषेक की अपहरण के बाद निर्मम तरीके से हत्या की गई है.
दोस्त समेत 12 लोगों के खिलाफ केस
बरामद शव के हाथ पैर बांधे हुए थे. अपराधियों ने सबूत मिटाने के लिए अभिषेक के चेहरे को तेजाब से जला डाला है. वहीं, उसकी दोनों आंखें निकाल ली गई हैं और पैर के नाखून भी नोच लिए गए हैं. अभिषेक के पिता ने उसके दोस्त और उसके घर वालों समेत 12 लोगों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज कराया है. पुलिस ने इस मामले में 24 वर्षीय रवि रंजन को गिरफ्तार किया है. वह रिश्ते में चचेरे चाचा लगता है.
23 जून की रात से लापता
अभिषेक मूल रूप से पूर्वी चंपारण के रानीपट्टी गांव का रहने वाला था. वह मुजफ्फरपुर के अहियापुर में रह कर पढ़ाई कर रहा था. उसने किराए पर एक कमरा ले रखा था. मृतक के पिता ने कहा कि मेरा छोटा लड़का अभिषेक अहियापुर में रहकर पढ़ाई कर रहा था. 23 जून की रात साढ़े 9 बजे उससे बात हुई, तब सब कुछ ठीक ठाक था. सुबह जब फोन किया तो स्विच ऑफ बता रहा था.
दोस्त को दिए थे 5 लाख उधार
उसके बाद उसके रूम पार्टनर नीतीश को फोन किया वह भी मेरे ही गांव का रहने वाला है. उसने बताया कि आयुष उसे पार्टी में ले गया था. फिर लौटकर नहीं आया. जिसके बाद 24 जून को थाने में अपहरण का केस दर्ज कराया. उन्होंने बताया कि 6 महीने पहले आयुष ने होटल खोलने के लिए अभिषेक से 5 लाख रुपए उधार लिए थे. पैसे लौटाने का प्रेशर देने के बाद उसने हत्या कर दी.
जल्द खुलासा का दावा
एसडीपीओ टाउन-2 विनीता सिन्हा ने कहा कि निर्मम तरीके से हत्या की गई है. पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी में लगी है. जल्द पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा.
ये भी पढ़ें-
पटना के मरीन ड्राइव पर अपराधियों के साथ पुलिस की मुठभेड़, एक के पैर में लगी गोली






