अंबेडकर के अपमान पर बिहार की राजनीति गर्म, डिप्टी सीएम ने कहा- डीएनए ही ऐसा है, बचाव में उतरे तेजस्वी

By: Jan Manas

On: Saturday, June 14, 2025 9:08 PM

Google News
Follow Us

Patna: एक बार फिर बिहार में बाबा साहब भीमराव अंबेडकर के अपमान को लेकर राजनीति गर्म हो गई है. इस बार लालू यादव पर बाबा साहेब के अपमान का आरोप लग रहा है. सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है जिसे लेकर विरोधी दल के नेता लालू यादव पर हमला बोल रहे हैं, उधर उनके बेटा और बिहार में नेता प्रतिपक्ष अपने पिता के बचाव में लग गए हैं.

सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल

दरअसल, सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें लालू यादव एक कुर्सी पर बैठे दिख रहे हैं और दूसरी कुर्सी पर अपने दोनों पैर रखे हुए हैं. एक नेता बाबा साहेब की तस्वीर लेकर आते हैं, लालू यादव के पैर के पास रखते हैं और तस्वीर खिंचवाते हैं फिर उस तस्वीर को वहां से हटा दिया जाता है. अगर यह वीडियो सही है तो लालू यादव के पैर से पास एक महापुरुष की तस्वीर क्यों रखी गई. क्या वहां पर मौजूद लोगों में से कोई भी यह नहीं जानता है कि बाबा साहब कौन हैं?

लालू के डीएनए में है अपमान करना

इधर, वीडियो वायरल होने के बाद विरोधी दल के नेताओं ने लालू यादव को आड़े हाथों लेना शुरू कर दिया. बिहार के डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर लालू यादव से माफी मांगने की मांग की है. वहीं, उस दिन को काला अध्याय भी बताया है. सम्राट चौधरी ने कहा कि लालू यादव के जीवन में किसी के ले सम्मान है ही नहीं, उनके डीएनए में ही दलितों और पिछड़ों का अपमान करना है. दलितों-पिछड़ों को डरा धमकाकर शासन करना उनकी नियति है.

लालू के स्टाइल में ही है अपमान करना

उधर, एनडीए के दूसरे सहयोगी दल हम के संयोजक और केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी ने भी लालू यादव को इस मामले पर आड़े हाथों लिया है. उन्होंने कहा कि हमारे भगवान बाबा साहब का लालू प्रसाद यादव बहुत अपमान कर रहे हैं. लालू यादव का ऐसा स्टाइल ही रहा है कि वो अपने व्यवहार से किसी न किसी तरह से दूसरों का अपमान करते रहे हैं.

पीके ने बताया अपमानजनक

जन सुराज के सूत्रधार प्रशांत किशोर ने अंबेडकर जी का अपमान करने को लेकर लालू जी पर बड़ा हमला बोला है. उन्होंने कहा कि पिछले 30 सालों से लालू जी सिर्फ सामाजिक न्याय का नारा देकर अपने परिवार और अपने बच्चों का भला करना चाहते हैं. उनके पास न तो कोई विजन है और न ही वो समाज के लिए कुछ करना चाहते हैं. वो सिर्फ लोगों को जाति के आधार पर लड़ाकर राजनीति करना चाहते हैं. उन्होंने पिछले 30 सालों में बिहार में सिर्फ भ्रष्टाचार किया है और पूरे बिहार को मजदूरों की फैक्ट्री में बदल दिया है. अगर उन्होंने बाबा साहेब की तस्वीर पर पैर रखा है तो ये अपमानजनक बात है. इसके साथ ही उनके सहयोगी और नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर भी तंज कसते हुए कहा कि संविधान लेकर घूमने वाले राहुल गांधी को भी इस पर जवाब देना चाहिए. क्या उनमें इस पर टिप्पणी करने की हिम्मत है?”

बचाव में उतरे लालू के लाल

इधर, उनके बेटे और बिहार में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव अपने पिता के बचाव में उतर आए हैं. उन्होंने कहा कि लालू यादव की तबीयत ठीक नहीं है और बीजेपी को इस पर राजनीति नहीं करनी चाहिए. तेजस्वी यादव ने कहा कि लालू यादव की तबीयत खराब है और उनका किडनी ट्रांसप्लांट हुआ है, इसके बावजूद बीजेपी के लोग बयानबाजी कर रहे हैं, उन्हें शर्म आनी चाहिए.  

ये भी पढ़ें-

तेजस्वी यादव बनेंगे बिहार के सीएम! मोदी-नीतीश को लगा बड़ा झटका

बिहार की राजनीति के हॉट केक चिराग पासवान, कहीं पर नजर कहीं पर निशाना, NDA में किसकी बढ़ा रहे परेशानी

For Feedback - feedback@example.com

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment