Patna: गुरुवार को राजधानी पटना के वीवीआईपी इलाके में फायरिंग हुई है. यह फायरिंग एक युवक से लूटपाट के दौरान हुई है. जहां फायरिंग हुई है, वहां से सीएम आवास, डिप्टी सीएम आवास, नेता प्रतिपक्ष आवास समेत कई मंत्रियों के आवास कुछ ही दूरी पर है. इस फायरिंग की घटना ने पटना पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए.
तेजस्वी का तंज
इस गोलीबारी घटना के बाद नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने एनडीए सरकार पर निशाना साधा है. उन्होंने अपने सोशल मीडिया हैंडल एक्स पर लिखा है कि आज मेरे आवास के बाहर गोली चली/चलवाई गई. एनडीए के राक्षस राज में सत्ता संरक्षित अपराधियों का मनोबल इतना बढ़ा हुआ है कि अपराधी हाई सिक्योरिटी जोन में कुछ ही दूरी पर जहां राज्यपाल आवास, राजभवन, मुख्यमंत्री आवास, नेता प्रतिपक्ष आवास, न्यायाधीश आवास और एयरपोर्ट है. वहां खूंखार अपराधी खुलेआम फायरिंग करते घूम रहे हैं.
खबरदार! कोई इसे जंगलराज कहेगा तो? वैसे भी कल प्रधानमंत्री बिहार आ रहे हैं इसलिए गोदी मीडिया को सकारात्मक छवि बनाए रखनी है.- तेजस्वी यादव, नेता प्रतिपक्ष
एसडीपीओ ने दी ये जानकारी
घटना के बाद सचिवालय की एसडीपीओ-1 डॉ. अनु कुमारी ने कहा कि आज दिनांक 19 जून को सुबह साढ़े आठ बजे के आसपास हवाई अड्डा थाना अंतर्गत कि पोलो रोड पर एक फायरिंग की घटना हुआ है. घटना का सत्यापन एवं आवश्यक कार्रवाई करने हुए हवाई अड्डा थाना पुलिस मौके पर पहुंची. यहां पर पता चला कि एक राहुल नाम के व्यक्ति से दो व्यक्ति द्वारा जो कि बाइक पर सवार थे, उन पर गोली चलाने की कोशिश की गई.
घटनास्थल से खोखा बरामद किया गया है. एफएसएल की टीम एवं डॉग स्कॉड को घटनास्थल पर बुलाया गया है. जिनके द्वार गोली चलाई गई है. उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापामारी की जा रही है.- डॉ. अनु कुमारी, एसडीपीओ-1, सचिवालय
पीड़ित की मां ने क्या कहा
उधर, पीड़ित की मां ने कहा कि बेटार रोज की तरह पैदल जा रहा था. तभी पोलो रोड के पास अज्ञात बाइक सवारों ने उसे घेर लिया और पिस्तौल दिखाकर धमकाया. अपराधियों ने राहुल के पास मौजूद मोबाइल और 400 रुपए छीन लिए. घटना के बारे में बताया जा रहा है कि जब पीड़ित ने लूटपाट का विरोध किया तो अपराधियों ने फायरिंग कर दी.
ये भी पढ़ें-
बदमाश-पुलिस के बीच मुजफ्फरपुर में मुठभेड़, हथियार छीनकर भाग रहे अपराधी को मारी गोली






