- संवाददाता- वीरेंद्र कुमार
Nalanda: नालंदा जिले के अस्थावां प्रखंड स्थित चकदी प्लस-टू हाई स्कूल से शिक्षा व्यवस्था को शर्मसार कर देने वाली एक खौफनाक घटना सामने आई है, जहां चुनावी रंजिश स्कूल के हेडमास्टर द्वारा एक छात्र को बंद कमरे में बर्बरता से पीटने का आरोप लगा है. पीड़ित छात्र की पहचान मोहम्मद फैजान आलम के रूप में हुई है, जो विद्यालय का मेधावी एवं शांत स्वभाव का छात्र बताया जाता है.
परिजनों और चश्मदीद छात्रों ने बताया कि हेड मास्टर मुजाहिद वारिस ने फैजान को एक कमरे में बंद कर थप्पड़, घूंसे, जूते और यहां तक कि कुर्सी से भी पीटा. मारपीट इतनी निर्मम थी कि छात्र ज़मीन पर गिर पड़ा और रोता-गिड़गिड़ाता रहा, लेकिन हेडमास्टर का गुस्सा शांत नहीं हुआ.
चुनावी रंजिश बनी पिटाई की वजह
परिवार का आरोप है कि यह पूरी घटना पढ़ाई या अनुशासन से जुड़ी नहीं, बल्कि पंचायत चुनाव की राजनीतिक रंजिश का परिणाम है. फैजान की मां पुनम पंचायत से मुखिया पद की उम्मीदवार हैं, जबकि हेड मास्टर मुजाहिद वारिस मौजूदा मुखिया गुट के करीबी बताए जाते हैं.
आरोप है कि हेडमास्टर लगातार फैजान पर दबाव बना रहे थे कि उसकी मां चुनाव में खड़ी न हो. जब फैजान ने साहस कर कहा कि सर, इसमें मेरा क्या कसूर? तो हेडमास्टर भड़क गए और उसे कमरे में ले जाकर बेरहमी से मारना शुरू कर दिया.
चश्मदीद छात्र की गवाही
एक छात्र ने बताया कि मैंने पूछा कि सर इसे क्यों मार रहे हैं, तो उन्होंने गाली दी और कहा कि तुम बाहर जाओ, गेट बंद करो. फिर अंदर ले जाकर बहुत मारा.
शिक्षक ने रोका तो दी धमकी
जब एक अन्य शिक्षक ने बीच-बचाव की कोशिश की तो हेडमास्टर ने उसे भी झिड़कते हुए कहा कि अपने काम से काम रखिए. छात्रों का कहना है कि हेडमास्टर का व्यवहार लंबे समय से अपमानजनक और हिंसक रहा है. वह गाली-गलौज करते हैं, उपस्थिति और छात्रवृत्ति तक रोक देते हैं.
ये भी पढ़ें-
नालंदा नदी में डूबने से दो युवकों की मौत, परिवार में मचा कोहराम






