- संवाददाता- विकास कुमार
Saharsa: सहरसा के चिरैया थाना क्षेत्र के काजी चौराही कोसी बांध के समीप अपाची बाइक पर सवार दो अज्ञात अपराधी पंचायत समिति सदस्य को गोली मारकर फरार हो गए. जख्मी को सदर अस्पताल सहरसा में भर्ती करवाया गया जहां जख्मी का इलाज चल रहा है.
सुबह घूमने निकले थे अजय
जख्मी की पहचान चिरैया थाना क्षेत्र के कटघरा पुनर्वास वार्ड 6 निवासी ब्रह्मदेव चौधरी के पुत्र और चानन पंचायत समिति सदस्य अजय कुमार के रूप में हुई है. इस मामले में जख्मी पंचायत समिति सदस्य अजय कुमार ने बताया कि मैं रोज की तरह सुबह घूमने गया था. उसी दौरान एक अपाची बाइक पर सवार दो अज्ञात अपराधियों ने मेरे ऊपर गोली चला दी.

अंगूठा में लगी गोली, बाल बाल बचे
अजय कुमार ने कहा कि गोली मेरे बाएं हाथ के अंगूठा में जा लगी. जिससे मैं जख्मी हो गया और बाल बाल बच गया. इलाज के लिए सदर अस्पताल सहरसा में भर्ती है, जहां मेरा इलाज चल रहा है.
पुलिस का डर हो गया है खत्म
जिला परिषद उपाध्यक्ष धीरेंद्र यादव ने कहा कि चानन पंचायत के समिति सदस्य अजय कुमार को गोली लगने की सूचना मिलने पर अस्पताल पहुंचे हैं. अजय कुमार बहुत सामाजित व्यक्ति हैं, इन पर गोली चलना हम दुर्भाग्य समझते हैं. उन्होंने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि जो भी लोग इस अपराध में शामिल हैं उन्हें पकड़कर कड़ी से कड़ी सजा दी जाए. उन्होंने कहा कि पूरे राज्य में पुलिस का डर और प्रशासन का इकबाल पूरी तरह से समाप्त हो चुकी है.
ये भी पढ़ें-
सहरसा में भू-माफिया ने की मारपीट और फायरिंग, दो लोगों को किया लहूलुहान






