- रिपोर्ट- वीरेंद्र कुमार
Nalanda: विश्व योग दिवस के अवसर पर शनिवार को नालंदा उपडाकघर परिसर में आयोजित कार्यक्रम में केंद्रीय कपड़ा मंत्री गिरिराज सिंह ने एक पेड़ मां के नाम अभियान के अंतर्गत नीम और महोगनी के पौधों का वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण और मातृ सम्मान का संदेश दिया.
एक पेड़ मां के नाम अभियान
इस आयोजन का नेतृत्व नालंदा डाक मंडल के डाक अधीक्षक कुंदन कुमार ने किया. मंत्री गिरिराज सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि योग शरीर और मन की शुद्धि का माध्यम है, तो वृक्षारोपण धरती माता की आराधना है. एक पेड़ मां के नाम अभियान हर नागरिक को न केवल प्रकृति से जोड़ता है, बल्कि मां के प्रति प्रेम और कृतज्ञता का स्थायी प्रतीक भी बनता है.
डाक विभाग की अनोखी पहल
डाक अधीक्षक कुंदन कुमार ने केंद्रीय मंत्री का स्वागत अंगवस्त्र, रामायण डाक टिकट, लाल चंदन और स्मृति पौधे भेंट कर किया. उन्होंने कहा कि यह अभियान डाक विभाग की ओर से पर्यावरण और समाज के प्रति एक संवेदनशील पहल है.
कार्यक्रम में ये हुए शामिल
इस मौके पर डाक निरीक्षक रामाशीष कुमार, इंदु सिंहा, शैलेश बिहारी, राकेश रंजन, राजीव कुमार सहित कई अधिकारी और डाककर्मी उपस्थित रहे. कार्यक्रम में सभी ने सामूहिक योगाभ्यास कर स्वस्थ तन, स्वच्छ पर्यावरण का संकल्प लिया.
स्कूलों में योगाभ्यास
वहीं, बिहारशरीफ प्रखंड के आरजीएल उच्च विद्यालय छबीलापुर और उत्क्रमित मध्य विद्यालय वसुवैन में शुक्रवार को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस हर्ष और उल्लास के साथ मनाया गया. इस अवसर पर विद्यालय परिसरों में सामूहिक योगाभ्यास का आयोजन हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में शिक्षक, शिक्षिकाएं और छात्र-छात्राएं शामिल हुए.
मानसिक और सामाजिक संतुलन का आधार
कार्यक्रम की अगुवाई कर रहे मेंटोर शिक्षक अजय कुमार ने बताया कि वर्ष 2025 में योग दिवस की थीम एक पृथ्वी, एक स्वास्थ्य है. यह थीम इस बात पर बल देती है कि व्यक्ति की सेहत और पर्यावरण का स्वास्थ्य आपस में गहराई से जुड़े हुए हैं. उन्होंने कहा कि योग न केवल शारीरिक स्वास्थ्य का साधन है, बल्कि मानसिक और सामाजिक संतुलन का भी आधार है.
ये भी पढ़ें-
भारत-नेपाल बॉर्डर पर योगाभ्यास, एसएसबी ने खास अंदाज में मनाया अंतरराष्ट्रीय योग दिवस






