Patna: चुनाव से पहले सीएम नीतीश कुमार ने मास्टर स्ट्रोक खेल दिया है. चुनाव से चार महीने पहले नीतीश कुमार ने वह फैसला लिया है, जिसे लेकर महीनों से मांग चल रही थी, जिसे लेकर विपक्षी दलों ने चुनाव के बाद सत्ता में आने पर पूरा करने का वादा किया था. सीएम नीतीश कुमार ने राज्य में सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के तहत बुजुर्गों, विधवा महिलाओं और दिव्यांगों को मिलने वाले पेंशन को बढ़ाने का फैसला किया है. वहीं, जीविका दीदियों को दिए जाने वाले लोन के ब्याज दर में भी तीन प्रतिशत की कमी की गई है.
एक करोड़ से अधिक लोगों को फायदा
नीतीश सरकार ने पेशन राशि को 400 रुपए से बढ़ाकर 1100 रुपए कर दिया है. इससे एक करोड़ 9 लाख 69255 लोगों को फायदा होगा. सभी को हर महीने की 10 तारीख को यह राशि मिल जाएगा. पेंशन बढ़ाने की मांग कई महीनों से चल रही थी. अब चुनाव से ठीक पहले नीतीश कुमार ने यह फैसला ले लिया है, जिसका असर चुनाव में भी हो सकता है. इस फैसले की जानकारी देते हुए नीतीश कुमार ने अपने सोशल मीडिया हैंडल दी है.
“मुझे यह बताते हुए खुशी हो रही है कि सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के तहत सभी वृद्धजनो, दिव्यांगजनों और विधवा महिलाओं को अब हर महीने 400 रुपे की जगह 1100 रुपए पेंशन मिलेगी. सभी लाभार्थियों को जुलाई महीने से पेंशन बढ़ी हुई दर पर मिलेगी. सभी लाभार्थियों के खाते में यह राशि महीने की 10 तारीख को भेजना सुनिश्चित किया जाएगा. इससे एक करोड़ 9 लाख 69 हजार 255 लाभार्थियों को काफी मदद मिलेगी. वृद्धजन समाज का अनमोल हिस्सा हैं और उनका सम्मानजनक जीवन-यापन सुनिश्चित करना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है. राज्य सरकार इस दिशा में निरंतर प्रत्नशील रहेगी.”- नीतीश कुमार, मुख्यमंत्री, बिहार सरकार
डिप्टी सीएम ने दी बधाई
उधर, नीतीश सरकार में डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी ने भी इस फैसले को लेकर खुशी जाहिर की है. उन्होंने कहा कि एनडीए की सरकार समाज के हर वर्गों की चिंता करती है, सभी को बधाई. सम्राट चौधरी ने नीतीश सरकार के एक और फैसले की जानकारी दी है. जीविका दीदियों के लिए लोन पर ब्याज दर में तीन प्रतिशत की कटौती करने का भी फैसला लिया गया है.
“महिलाओं, वृद्धजनों और दिव्यांगजनों को अब हर महीने 400 रुपए की जगह 1100 रुपए की पेंशन” एनडीए सरकार ने सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के तहत विधवा महिलाओं, वृद्धजनों और दिव्यांगजनों को अब हर महीने 400 रुपए की जगह 1100 रुपए पेंशन देने का निर्णय किया है. सभी लाभार्थियों को जुलाई महीने से पेंशन बढ़ी हुई दर पर मिलेगी। खाते में यह राशि महीने की 10 तारीख को भेजना सुनिश्चित किया जाएगा. इससे 1 करोड़ 9 लाख 69 हजार 255 लाभार्थियों को काफी मदद मिलेगी. इसके साथ ही जीविका दीदियों के लिए लोन पर ब्याज दर में 3% की कमी की गई है. निश्चित ही इस फैसले से महिलाओं, वृद्धजनों और दिव्यांगजनों को राहत मिलेगी. एनडीए सरकार समाज के हर वर्ग की चिंता करती है. सभी को बधाई.“- सम्राट चौधरी, डिप्टी सीएम, बिहार सरकार
महिला सम्मान राशि पर क्या
पेशन बढ़ाने की मांग पिछले कई महीनों से हो रही थी, जिस पर नीतीश सरकार ने फैसला ले लिया है. अब महिला सम्मान राशि पर भी फैसला होने की उम्मीद की जा रही है. क्योंकि तेजस्वी यादव चुनाव के बाद माई बहिन मान योजना लाने की घोषणा कर चुके हैं. इस योजना के तहत सभी महिलाओं के खाते में 2500 रुपए हर महीने देने की बात कही गई है. नीतीश कुमार भी महिला संवाद कार्यक्रम करा रहे हैं. इसके तहत महिलाओं से बात की जा रही है. ऐसे में इस पर भी चुनाव से पहले फैसला संभव है. क्योंकि चुनाव से पहले कई राज्यों में इस योजना को लॉन्च किया जा चुका है, जिसका फायदा सत्ताधारी दल को मिला है. इसमें झारखंड, महाराष्ट्र, हरियाणा शामिल है.
ये भी पढ़ें-
पीएम मोदी को तेजस्वी यादव का जवाब, PK और पप्पू यादव ने पूछे चुभने वाले सवाल






