Patna: मंगलवार को पटना में नीतीश कुमार की अध्यक्षता में कैबिनेट की बैठक हुई, जिसमें 47 प्रस्तावों पर मुहर लगी. कैबिनेट बैठक में बीपीएससी में आशु लिपिक के 15 पद सृजन को मंजूरी मिली है. वहीं, बिहार सहकारी समिति अधिनियम 1935 के तहत राज्य स्तर पर गठित बिहार राज्य जीविका निधि साख सहकारी संघ लिमिटेड के अंतर्गत संविदा के आधार पर 653 पदों का सृजन किया गया है.
इन विभागों में कई पद सृजित
बिहार राज्य शैक्षणिक आधारभूत संरचना विकास निगम लिमिटेड में अलग-अलग कैटेगरी के 818 पदों को सृजित किया गया है. वहीं, 83 पदों का सृजन बिहार शिक्षा परियोजना परिषद पटना के लिए किया गया है. वहीं, राज्यपाल सचिवालय बिहार पटना के लिए दो ड्राइवर के पदों का भी सृजन किया गया है. पीएचईडी में तीन करोड़ सात लाख 86588 रुपए के व्यय के लिए अलग-अलग कैटेगरी के 28 पदों का सृजन किया गया है.
आंगनबाड़ी केंद्रों में पोशाक के पैसे बढ़े
3 से 6 वर्षों के बच्चे जो आंगनबाड़ी केंद्रों में जाते हैं उनके लिए पोशाक उपलब्ध कराए जाने के लिए राशि स्वीकृत किए गए हैं. इसके तहत हर बच्चे को दो सेट ड्रेस दिए जाएंगे. अभी एक बच्चे के लिए 400 रुपए दिए जाते हैं, जिसमें पांच प्रतिशत की बढ़ोतरी की गई है. वहीं, बक्सर और रोहतास में 560 की क्षमता वाले अल्पसंख्यक आवासीय विद्यालय के भवन की स्वीकृति दी गई है.
नगर परिषद के क्षेत्र में बढ़ोतरी
पटना जिला के अंतर्गत नगर परिषद फुलवारीशरीफ क्षेत्र के विस्तार को भी नीतीश कैबिनेट ने मंजूरी दी है. अब कुल क्षेत्रफल 51 वर्ग मीटर और जनसंख्या एक लाख 13594 हो जाएगी. नगर परिषद दानापुर के क्षेत्र में भी विस्तार के प्रस्ताव को मंजूरी दी गई है. वहीं, अटल नवीकरण और शहरी परिवर्तन मिशन अमृत 2.0 के अंतर्गत आरा जलापूर्ति परियोजना के लिए 138 करोड़ 26 लाख 73430 रुपए स्वीकृत किए गए हैं.
हवाई सफर होगा सस्ता
19 वायुयान ईंधन के रूप में इस्तेमाल होने वाले एटीएफ पर वैट की दर सरकार ने घटाई है. एटीएफ की वैट की दर 29 प्रतिशत से घटाकर 4 प्रतिशत कर दिया गया है. बता दें कि दिल्ली, गुजरात, झारखंड, यूपी जैसे कई राज्यों से बिहार में एटीएफ पर वैट अधिक था. सरकार के इस फैसले से अब टिकट सस्ते होंगे और विमानों की संख्या भी बढ़ेगी.






