- रिपोर्ट- मानस मिहिर
Madhubani: संदीप यूनिवर्सिटी, सिजॉल (मधुबनी) में आयोजित होने वाले बहुप्रतीक्षित ‘रोज़गार मेला, किसान मेला व संदीपोत्सव के सफल एवं गरिमामय आयोजन को लेकर विश्वविद्यालय परिसर में माननीय कुलपति प्रो. (डॉ०) अरुण कुमार द्विवेदी की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण प्रेस वार्ता संपन्न हुई.

प्रेस वार्ता से पूर्व विद्यार्थियों की बढ़ती संख्या एवं बेहतर आवासीय सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से 3-7 छात्रावास (होस्टल) निर्माण हेतु विधिवत भूमि पूजन कार्यक्रम का आयोजन किया गया. तदुपरांत प्रेस वार्ता में उक्त तीनों महत्वपूर्ण आयोजनों की तिथियां 25, 26 एवं 27 फरवरी की उद्घोषणा की गई. प्रेस वालो के दौरान महोत्सव की संपूर्ण रूपरेखा, मंच-व्यवस्था, कार्यक्रमों की साज-सज्जा, अतिथि सत्कार, सुरक्षा- प्रबंधन, स्वच्छता, यातायात व्यवस्था, प्रचार-प्रसार एवं प्रशासनिक समन्वय सहित विभिन्न महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विस्तृत विचार-विमर्श किया गया.
एडवाइजरी बोर्ड के सदस्य डॉ० सुनील झा ने सभी पदाधिकारियों एवं संबंधित सदस्यों को आपसी समन्यय एवं टीम भावना के साथ कार्य करने का आह्नान करते हुए महोत्सव को भव्य, सुव्यवस्थित एवं गरिमामय स्वरूप देने के निर्देश दिए. उन्होंने कहा कि यह आयोजन केवल सांस्कृतिक उत्सव नहीं, बल्कि संदीप फाउंडेशन की बौद्धिक परंपरा को राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय पहचान दिलाने का एक सशक्त मंच है। उन्होंने आगंतुकों की सुविधा, सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं को समयबद्ध रूप से सुनिश्चित करने पर विशेष बल दिया.
25 फरवरी: मेगा जॉब फेयर 4.0 –
महोत्सव के प्रथम दिन 25 फरवरी को मेगा जॉब फेयर 4.0 का आयोजन सुनिश्चित किया गया है. इस रोजगार मेले में देश- विदेश की 100 से अधिक प्रतिष्ठित कंपनियाँ भाग लेगी, जो 10,000 से अधिक रिक्त पदों पर भर्ती करेंगी. इस जॉब फेयर का उद्देश्य बिहार एवं आसपास के राज्यों के युवाओं को एक ही मंच पर व्यापक रोजगार अवसर प्रदान करना है.
इसमें 10वीं, 12वीं, आईटीआई, डिप्लोमा (इंजीनियरिंग), बी.टेक, बीबीए, एमबीए सहित अन्य स्नातक एवं परास्नातक योग्यताओं वाले अभ्यर्थी भाग ले सकते हैं. मैन्युफैक्चरिंग, आईटी, बैंकिंग, ऑटोमोबाइल, इलेक्ट्रिकल, मैकेनिकल, कंस्ट्रक्शन, रिटेल, एग्रीकल्चर एवं मैनेजमेंट जैसे विविध क्षेत्रों की कंपनियाँ इसमें शामिल होंगी. उल्लेखनीय है कि संदीप विश्वविद्यालय बिहार का प्रथम निजी NAAC मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय है, जो निरंतर युवाओं के करियर विकास एवं रोजगार सृजन के लिए प्रतिबद्ध है.

26 फरवरी: किसान मेला 2.0 –
दूसरे दिन 26 फरवरी को श्री महावीर ठाकुर स्कूल ऑफ एग्रीकल्चर साइंस द्वारा एकदिवसीय किसान मेला 2.0 का आयोजन किया जाएगा. मेले में प्राकृतिक खेती उत्पाद, वर्मी कम्पोस्ट, मशरूम उत्पादन इकाई, फसल कैफेटेरिया एवं कृषि नवाचारों का प्रदर्शन किया जाएगा. राज्य भर से किसान, कृषि विशेषज्ञ एवं विक्रेता इसमें भाग लेंगे. वरिष्ठ कृषि वैज्ञानिक किसानों की समस्याओं पर विचार-विमर्श करेंगे तथा अनुभवी कृषक अपने अनुभव साझा करेंगे. यह आयोजन किसानों को नवीन तकनीकी ज्ञान एवं आधुनिक कृषि नवाचारों से जोड़ने का महत्वपूर्ण मंच सिद्ध होगा.

27 फरवरी: संदीपोत्सव 4.0- रंगारंग सांस्कृतिक संध्या –
महोत्सव के अंतिम दिन 27 फरवरी को संदीप फाउंडेशन के सभी अधिष्ठानों-श्रीराम पॉलिटेक्निक, श्री सीतानंद झा प्राइवेट आईटीआई एवं संदीप विश्वविद्यालय के छात्र-छात्राओं द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए जाएंगे. इस अवसर पर विद्यार्थियों की रचनात्मक एवं सांस्कृतिक प्रतिभाओं का भव्य प्रदर्शन होगा. बैठक में विश्वविद्यालय प्रशासन के वरिष्ठ पदाधिकारी एवं अन्य सदस्य उपस्थित रहे। सभी ने महोत्सव को ऐतिहासिक एवं सफल बनाने हेतु अपने-अपने सुझाव प्रस्तुत किए. विश्वविद्यालय प्रशासन ने बिहार सहित पड़ोसी राज्यों के योग्य छात्र-छात्राओं एवं युवाओं से अपील की है कि वे इस सुनहरे अवसर का लाभ उठाएं. अधिक जानकारी के लिए इच्छुक अभ्यर्थी विश्वविद्यालय के ट्रेनिंग एवं प्लेसमेंट सेल से संपर्क कर सकते हैं.
ये भी पढ़ें-
मधुबनी डीएम ने स्पीडी ट्रायल के लिए तय किए लक्ष्य, पोस्को, एनडीपीएस एक्ट को लेकर दिए ये निर्देश





