- मनीष कश्यप को डॉक्टरों ने पीटा
- तीन घंटे तक कमरे में रखा बंद
- मरीज की पैरवी में आए थे मनीष
- बीजेपी नेताओं को करनी पड़ी पैरवी
Patna: लगता है यूट्यूबर मनीष कश्यप और विवादों के बीच चोली दामन का साथ है. एक बार फिर मनीष कश्यप चर्चा में आ गए हैं. उन्हें पीएमसीएच के डॉक्टरों ने पीटा है, रूम में तीन घंटे तक बंधक बनाए रखा. पुलिस की टीम को उन्हें छुड़ाने के लिए कड़ी मेहनत करनी पड़ी.
मरीज की पैरवी में आए थे मनीष कश्यप
दरअसल, सोमवार को यूट्यूबर मनीष कश्यप किसी मरीज की पैरवी करने के लिए पीएमसीएच पहुंच थे. इस दौरान अस्पताल की हालत को लेकर वह वीडियो बनाने लगे. जिसके बाद एक महिला डॉक्टर के साथ उनकी बहस हो गई. इसके बाद वहां मौजूद डॉक्टरों में मनीष कश्यप का विरोध शुरू कर दिया. मनीष कश्यप ने जो वीडियो बनाया था उसे डॉक्टरों ने डिलीट करवा दिया.
पुलिस के हस्तक्षेप के बाद छोड़ा
डॉक्टरों और मनीष कश्यप के बीच विवाद बढ़ने के बाद डॉक्टरों ने उनके साथ मारपीट की. मारपीट के बाद यूट्यूबर मनीष कश्यप को एक कमरे में बंद कर दिया गया. तीन घंटे तक कमरे बंद रखने के बाद पुलिस के हस्तक्षेप के बाद माफी मांगने के बाद डॉक्टरों ने उन्हें छोड़ा. जब अस्पताल से बाहर निकल रहे थे तब उनके चेहरे पर चोट के निशान साफ दिख रहे थे.
बीजेपी नेताओं ने की पैरवी
यूट्यूबर मनीष कश्यप को डॉक्टरों की चंगुल से छुड़वाने के लिए कई बीजेपी नेताओं को भी पैरवी करनी पड़ी. उधर पीएमसीएच के बाहर उनके समर्थक जुटने लगे. पटना सदर की एएसपी दीक्षा ने कहा कि अभी किसी की शिकायत नहीं मिली है. धक्का-मुक्की हुई है. शिकायत मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी.






