मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने बीएलओ की ली क्लास, अधिकारियों को दिया ये टास्क, बिहार चुनाव की तैयारी

By: Jan Manas

On: Friday, June 13, 2025 9:20 PM

Google News
Follow Us
  • रिपोर्ट- विकास कुमार

Saharsa: सहरसा के प्रेक्षा गृह में मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी बिहार विनोद सिंह गुंजियाल की अध्यक्षता में निर्वाचक सूची को लेकर सभी निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी, सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी और प्रत्येक विधान सभा निर्वाचन क्षेत्र के बीएलओ के साथ विधानसभा चुनाव के आलोक में होने वाले विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण के संदर्भ में समीक्षात्मक बैठक का आयोजन किया गया.

बैठक में निर्वाचक सूची में परिर्वधन, विलोपन की कार्रवाई के पश्चात पाए गए. आकड़ों का बारीकी से विधानसभावार समीक्षा की गई और बैठक में मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी महोदय द्वारा विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रवार प्राप्त दावा/आपत्तियों यथा प्ररूप 6 एवं 7 की समीक्षा की गई. समीक्षा के क्रम में उन्होंने सभी निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी एवं बीएलओ को मतदाता सूची में नाम जोड़ने एवं विलोपित करते समय घर-घर जाकर भ्रमण कर सत्यापन कर निर्णय लेने का निर्देश दिया.

उन्होंने कहा कि जहॉ अधिक संख्या में नाम परिर्वधन एवं विलोपन किए गए है वहॉ व्यक्तिगत ध्यान देने की आवश्यकता है. आपको ज्ञात है कि इस वर्ष विधानसभा चुनाव होना है जिस कारण चुनाव से पहले विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम चलेगा, जिसमें सभी प्रकार की त्रुटियों को सुधार कर लेना अनिवार्य होगा.

त्रुटि पाए जाने पर संबंधित बीएलओ एवं निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी ईआरओ के विरूद्ध निष्चित रूप से कार्रवाई होगी. समीक्षा के क्रम में निर्देश दिया गया कि बीएलओ घर-घर जाकर सर्वे करके जोड़े गए नाम एवं विलुप्त किए गए नाम की जांच कर लेंगे. निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी का नाम विलोपित किए जाने के कारण की समीक्षा ठीक से कर लेंगे. बीएलओ घर-घर जाकर सर्वे करने के समय बीएलओ एप्प का प्रयोग निश्चित रूप से करेंगे.

मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी द्वारा सभी निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी को निदेश दिया गया कि वैसे बीएलओ की समीक्षा आप नियिमित रूप से करें जिनके द्वारा शून्य फॉर्म प्राप्त किया गया हो. उनके द्वारा बीएलओ को भी निर्देश दिया गया कि आपको अपने-अपने निर्वाचक नामावली की पूरी जानकारी होनी चाहिए, उसके लिए आप सजक होकर नियमित रूप से अपने पोषक क्षेत्र अन्तर्गत मतदान केन्द्र का भ्रमण कर 80, 70, 60 इत्यादि आयु वर्ग के निर्वाचकों की सूची तैयार करें, अपने क्षेत्र के प्रमुख व्यक्तियों के संपर्क नंबर प्राप्त कर उनसे सहयोग प्राप्त करें.

बैठक में जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-जिलाधिकारी  दीपेश कुमार, पुलिस अधीक्षक हिमांशु, उप विकास आयुक्त, संजय कुमार निराला, अपर समाहर्त्ता, निशांत, संजीव कुमार चौधरी, अनुमंडल पदाधिकारी, सदर सहरसा/सिमरी बख्तियारपुर, उप निर्वाचन पदाधिकारी, सहरसा, सभी निर्वाचक एवं सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी, अवर निर्वाचन पदाधिकारी सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे.

For Feedback - feedback@example.com

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment