- रिपोर्ट- वीरेंद्र कुमार
Nalanda: नालंदा जिला के हरनौत थाना क्षेत्र के गरभुचक गांव निवासी एक दिव्यांग दंपती ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर न्याय की गुहार लगाई. पीड़ित संतोष बिंद और उनकी पत्नी रूबी देवी, दोनों ही शारीरिक रूप से अक्षम हैं. उन्होंने आरोप लगाया कि उनके भतीजे—संजय बिंद, अधीन बिंद और रंजन बिंद (पिता सुरेश बिंद) मिलकर उनकी पैतृक जमीन पर जबरन कब्जा कर मकान बना रहे हैं.
भतीजा कर रहा दबंगई
दंपती ने बताया कि उनके पिता ने वर्षों पूर्व भाइयों के बीच जमीन का आपसी बंटवारा कर दिया था, जिसमें सड़क किनारे का हिस्सा उन्हें मिला था. आज जब वह जमीन सड़क से जुड़ चुकी है और उसकी कीमत बढ़ गई है, तो उनके भतीजों की नज़र उस पर पड़ गई. आरोप है कि उक्त तीनों युवक जबरन पिलर और ईंट रखकर निर्माण कर रहे हैं.

थाना से नहीं हो रही कार्रवाई
संतोष बिंद ने कहा कि इसका विरोध किया तो भतीजों ने गाली-गलौज करते हुए मारपीट की और कहा कि या तो तीन लाख रुपये दो, या पीछे हट जाओ. इस संबंध में उन्होंने 5 जून को हरनौत थाना में लिखित शिकायत भी दी, लेकिन पुलिस ने अब तक कोई कार्रवाई नहीं की.
एसपी से न्याय की गुहार
दंपती का कहना है कि दोनों पति-पत्नी चलने-फिरने में असमर्थ हैं. न तो वे विवाद कर सकते हैं और न ही जबरदस्ती रोक सकते हैं. थक-हारकर उन्होंने अब एसपी कार्यालय में न्याय की गुहार लगाई है.
जमीन बचाने की मांग
पीड़ितों ने पुलिस अधीक्षक से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है. उन्होंने प्रशासन से यह भी आग्रह किया है कि उनकी पैतृक जमीन की रक्षा सुनिश्चित की जाए, जिससे उन्हें जीने का हक बरकरार रह सके.
ये भी पढ़ें-






