- संवाददाता- वीरेंद्र कुमार
Nalanda: बिहार अधिकार यात्रा के नालंदा पड़ाव पर प्रतिपक्ष के नेता तेजस्वी यादव ने केंद्र और राज्य सरकार पर करारा प्रहार किया. जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि बिहार की मौजूदा सत्ता अब मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के हाथ में नहीं है. आज नीतीश कुमार सिर्फ नाम के मुख्यमंत्री हैं, असली फैसले दिल्ली से लिए जा रहे हैं.
तेजस्वी यादव ने आरोप लगाया कि बिहार की सरकार दो गुजरातियों के इशारे पर चल रही है. मेरे चाचा को हाईजैक कर लिया गया है और साजिशन दिल्ली से बिहार की राजनीति नियंत्रित की जा रही है. उन्होंने कहा कि अब सरकार की बागडोर पूरी तरह दिल्ली के हाथों में है और मुख्यमंत्री की भूमिका केवल दिखावे की रह गई है.
सभा में उमड़े जनसैलाब के बीच नेता प्रतिपक्ष ने बेरोजगारी, पलायन, किसानों की दुर्दशा और महिलाओं की सुरक्षा को लेकर मौजूदा सरकार को घेरा. उन्होंने कहा कि बिहार अधिकार यात्रा का मकसद युवाओं, किसानों और आम जनता की आवाज बुलंद करना है.
तेजस्वी ने जनता से वादा किया कि उनकी यह जन यात्रा अपराध मुक्त और नया बिहार बनाने की दिशा में मील का पत्थर साबित होगी. उन्होंने लोगों से अपील की है कि वे बदलाव की इस लड़ाई में कंधे से कंधा मिलाकर चलें.
इस मौके पर राजद जिला अध्यक्ष, प्रखंड अध्यक्षों सहित भारी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे. मंच से लेकर मैदान तक राष्ट्रीय जनता दल जिंदाबाद और महागठबंधन जिंदाबाद के नारों से पूरा माहौल गूंज उठा.
ये भी पढ़ें-
क्या राहुल-तेजस्वी में ठन गई है, सीटों को लेकर कोई बात है या फिर मुद्दा है कुछ और, जानिए






