- संवाददाता- वीरेंद्र कुमार
Nalanda: बिहार थाना क्षेत्र में हुई वारदात ने पूरे इलाके को दहला दिया. गढ़पर मोहल्ला गए एक 17 वर्षीय किशोर को आधा दर्जन बदमाशों ने जबरन अगवा कर लिया. आरोप है कि उसे कोसुक टोला ले जाकर मारपीट की गई और रेजर से सिर मुंडकर घुमाया गया. इतना ही नहीं, इस अमानवीय कृत्य का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया गया. बदमाशों ने किशोर से 2700 रुपये भी लूट लिए.
पीड़ित के भाई ने थाना में प्राथमिकी के लिए आवेदन दिया है. उसमें कहा गया है कि 3 सितंबर को उनका भाई गढ़पर मोहल्ला गया था. इसी दौरान इलाके के कुछ नशेड़ी बदमाशों ने उसे पकड़ लिया और ले जाकर उसके साथ मारपीट की. फिर सिर के बाल काटकर उसे पूरे इलाके में घुमाया और उसकी बेइज्जती का वीडियो वायरल कर दिया.
पीड़ित परिवार ने कहा कि घटना से किशोर आहत और सहमा हुआ है. इस शर्मनाक हरकत से मोहल्ले में गुस्सा है और लोग बदमाशों की गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं. थानाध्यक्ष सम्राट दीपक ने बताया कि आवेदन मिला है. मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है. आरोपितों की पहचान की जा रही है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी.
ये भी पढ़ें-
चोरी का आरोप लगाकर चौकीदार ने जमकर की पिटाई, वीडियो वायरल, पीड़ित मांग रहा इंसाफ
बीच सड़क पर बिचौलिए की जमकर हुई पिटाई, वृद्धा पेंशन दिलाने के लिए थे दो हजार रुपए






