- संवाददाता- विजय कुमार
Jamui: मतदाता सूची में बड़े पैमाने पर हुई गड़बड़ियों और नाम काटने के खिलाफ निकाली जा रही वोटर अधिकार यात्रा आज सिकंदरा पहुंची. इस दौरान यात्रा में शामिल पूर्व विधायक बंटी चौधरी ने कहा कि यह आंदोलन जनता का है और अब सत्ता परिवर्तन की लहर उठ चुकी है.
उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव आयोग अब सत्ता पक्ष के इशारे पर काम कर रहा है. बंटी चौधरी ने कहा कि लगभग 65 लाख मतदाताओं के नाम सूची से गायब कर दिए गए हैं. कई जगह मृतक दिखाकर जीवित लोगों का नाम काट दिया गया है. जमुई में एक घर में 245 लोगों के नाम दर्ज कर दिए गए हैं, जो साफ साजिश को दिखाता है. उन्होंने स्पष्ट किया कि महागठबंधन इस षड्यंत्र को सफल नहीं होने देगा और सड़क से लेकर सदन तक जनता की आवाज बुलंद करता रहेगा.
जनता का स्वतः जुड़ाव
बंटी चौधरी ने कहा कि यात्रा पूरी तरह जनता के सहयोग से चल रही है. यहां कोई भाड़े पर नहीं लाया गया है. हर कोई अपने हक के लिए, लोकतंत्र बचाने के लिए और बदलाव की इच्छा से तिरंगा लेकर सड़क पर निकला है. उन्होंने कहा कि यात्रा सासाराम से शुरू होकर औरंगाबाद, शेखपुरा होते हुए आज जमुई पहुंची है और अब लखीसराय की ओर बढ़ रही है.
पटना में होगी निर्णायक रैली
इस यात्रा का समापन 1 सितम्बर को पटना के गांधी मैदान में एक विशाल रैली के रूप में होगा. इसमें कांग्रेस नेता राहुल गांधी और राजद नेता तेजस्वी यादव शामिल होकर बिहार की जनता की आवाज को और बुलंद करेंगे.
जनता से अपील
सिकंदरा की जनता से अपील करते हुए पूर्व विधायक ने कहा कि आपने मुझे भी देखा और पांच साल सत्ता पक्ष के विधायक को भी देखा. अब फैसला आपके हाथ में है कि आपके हित में कौन खड़ा रहा, किसने सड़क और बिजली पहुंचाई. जनता ही तय करेगी कि बिहार में किसकी सरकार बने.
ये भी पढ़ें-
राहुल गांधी पर तेजस्वी यादव का बड़ा बयान, कहा- अगली बार बनाएंगे प्रधानमंत्री






