- संवाददाता- वीरेंद्र कुमार
Nalanda: नालंदा जिला के पावापुरी में शुक्रवार को दिल दहला देने वाली घटना सामने आई. महज 5 लाख के कर्ज ने (Mass suicide) एक पूरे परिवार को तबाह कर दिया. पावापुरी थाना क्षेत्र के जलमंदिर के पास कपड़ा व्यवसायी धर्मेंद्र कुमार ने पत्नी और चार बच्चों के साथ जहर खा लिया.
परिवार के चार सदस्य की मौत
इसमें धर्मेंद्र की पत्नी सोनी देवी और तीन बच्चों, दीपा (16), अरीका (14) और शिवम (10) की मौत हो चुकी है. खुद धर्मेंद्र की हालत बेहद गंभीर है, जबकि छोटा बेटा सत्यम समय रहते जहर थूक देने के कारण बच गया.

जांच में लगी फॉरेंसिक टीम
घटना के बाद नालंदा एसपी भारत सोनी घटनास्थल पर पहुंचे और पूरे मामले की समीक्षा की. एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लैब) की टीम को भी बुलाया गया है, जो जहर के स्रोत और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की वैज्ञानिक जांच कर रही है.
व्यवसाय में घाटा
एसपी भारत सोनी ने बताया कि धर्मेंद्र कुमार ने साड़ी के छोटे व्यवसाय में करीब 5 लाख रुपये कर्ज लिया था. व्यवसाय में घाटा हुआ, तो महाजनों का दबाव बढ़ने लगा. इसके साथ ही शेखपुरा में अपने ही रिश्तेदार से जमीन विवाद भी चल रहा था. आर्थिक और मानसिक दबाव ने उसे इस खौफनाक कदम के लिए मजबूर कर दिया.

कहां से खरीदी जहर
पुलिस यह पता लगा रही है कि सल्फास की गोली कहां से खरीदी गई और किन महाजनों से कितने प्रतिशत ब्याज पर कर्ज लिया गया था. साथ ही, जमीन विवाद के पीछे कौन-कौन लोग शामिल थे, यह भी जांच का विषय है. पूरे मामले की जांच के लिए एक विशेष टीम का गठन कर दिया गया है.
महाजन करता था गाली गलौज
घटना के पीछे कर्ज में डूबे होने की बात सामने आ रही है. क्योंकि धर्मेंद्र कुमार कपड़े की दुकान चलाता था उसने महाजन से कर्ज ले रखा था. महाजन लगातार घर पर जाकर गाली गलौज करते थे. जिसके कारण धर्मेंद्र कुमार काफी तनाव में चल रहा था. समाज में उसकी किरकिरी ना हो जिसके कारण उसने यह खौफनाक कदम उठाया.

किसकी है जिम्मेदारी
वहीं, मृतक के परिवार वालों ने बताया कि धर्मेंद्र कुमार आर्थिक तंगी से शिकार होने के बावजूद उसने बैंक में लोन के लिए अप्लाई किया था लेकिन उसमें भी बिचौलियों के द्वारा कमीशन के रूप में 50000 खा लिया और लोन भी नहीं मुहैया कराया गया. बहरहाल इस घटना का जिम्मेदार कौन है यह तो जांच का विषय है. अब सवाल यह उठता है कि क्या धर्मेंद्र कुमार के परिवार को सरकार के द्वारा चलाई जा रही योजनाओं का लाभ मिल रहा था या नहीं यह विषय रहस्य बना हुआ है.
ये भी पढ़ें-
नालंदा में नवविवाहिता की दहेज के लिए हत्या, संदिग्ध हालत में मिला शव, पति समेत चार पर केस
सहरसा में पुलिस जवान की हत्या, परिजनों ने लगाया जहर खिलाकर मारने का आरोप, बेहोशी की हालत में मिले






