- संवाददाता- फिरोज अहमद
Darbhanga: भाकपा माले का अनिश्चितकालीन अनशन शुरू हो गया है. ये लोग अपने इलाके में मूलभूत सुविधाओं के लिए जोरदार आंदोलन के मुड में हैं. भाकपा (माले) हथौड़ी-चकवा भरवारी लोकल कमिटी के बैनर तले हथौड़ी यात्री शेड पर विभिन्न मांगों को लेकर अनिश्चितकालीन अनशन/धरना शुरू किया गया है.
दरभंगा के धोवोपुर बंसारा से हथौड़ी को जोड़ने वाली सड़क पर जलजमाव का निदान करने, नल जल अनुरक्षक के मासिक मानदेय का भुगतान करने, चकवा भरवारी के वार्ड 8 के महादलित टोले में नल जल आपूर्ति चालू करने, हायाघाट थाना की मनमानी पर रोक लगाने, घूसखोर एसआई सुनीता गुप्ता को निलंबित करने, मनरेगा में लूट बंद करने, हथौड़ी विद्युत ग्रीड के जेई के अवैध उगाही पर रोक लगाने, बांध के किनारे रह रहे भूमिहीनों को पुनर्वास के लिए जमीन देने आदि मांगों को लेकर अनिश्चितकालीन अनशन/धरना शुरू किया गया है.
भूतपूर्व सैनिक उमेश चौधरी ने बुधवार से आमरण अनशन शुरू किया है. अनिश्चितकालीन अनशन धरना का नेतृत्व भाकपा (माले) बहेड़ी प्रखंड सचिव रामविलास मंडल, लोकल सचिव संतोष सिंह, प्रखंड कमिटी सदस्य अमर राम और विनय राम कर रहे हैं. अनशन के समर्थन में मोहन पासवान की अध्यक्षता में आयोजित सभा को संबोधित करते हुए प्रखंड सचिव रामविलास मंडल ने कहा कि भीषण जल संकट में चकवा भरवारी के वार्ड 8 के महादलित पेयजल के लिए त्राहिमाम कर रहें हैं लेकिन नल जल से उनके टोला पर जल आपूर्ति को ठीक नहीं किया जा रहा है. जब तक नल जल ठीक नहीं होगा आंदोलन जारी रहेगा.
सभा को संबोधित करते हुए भाकपा (माले) नेता संतोष सिंह ने कहा कि चकवा भरवारी पंचायत के धोबोपुर बंसारा और हथौड़ी को जोड़ने वाला मुख्य सड़क पर सालों भर घुटना भर पानी लगा रहता है. बार बार जल निकासी को लेकर बीडीओ सहित अन्य पदाधिकारियों से गुहार लगाया गया लेकिन जल जमाव का कोई समाधान नहीं किया गया है. जल निकासी का जल्द से जल्द प्रशासन पहल करे.
भाकपा (माले) प्रखंड कमिटी सदस्य अमर राम ने कहा कि बांध के किनारे गरीब रह रहे हैं. उनको बिना पुनर्वास के उजाड़ने की कोशिश दबंगों के जरिए किया जा रहा हैं. उन भूमिहीनों का वास के लिए जमीन देने आवेदन अंचल में दिया गया है, लेकिन अभी तक उन लोगों को जमीन नहीं दिया गया है. धरना को विनय राम, सीताराम साह, प्रमोद साह, मो अख़्तर, शीतल मुखिया, अजय राम, किशुनदेव मांझी, कौशल मुखिया आदि ने भी संबोधित किया.
उधर भाकपा (माले) राज्य कमिटी सदस्य अभिषेक कुमार ने जिला पदाधिकारी से मांग की है कि नल – जल के सुचारू संचालन में अहम रोल निभाने वाले नल जल अनुरक्षकों का सालों से मानदेय नहीं मिल रहा है. नल जल अनुरक्षकों के नाम से जो कुछ थोड़ा राशि वो भी उन्हें नहीं मिला है. हम नल जल अनुरक्षकों के मासिक मानदेय के भुगतान की भी मांग करते हैं.
ये भी पढ़ें-
दरभंगा में नाला निर्माण में अनियमितता की जांच शुरू, अधिकारियों ने निर्माण स्थल का लिया जायजा
दरभंगा में नाला निर्माण में अनियमितता का आरोप, 20 सूत्री सदस्य की शिकायत पर, डीएम ने लिया संज्ञान






