- संवाददाता- विकास कुमार
Saharsa: स्कूल में मिला 8वीं के छात्र का शव, परिजन ने लगाया स्कूल प्रबंधन पर हत्या का आरोप. सहरसा के बनगांव थाना क्षेत्र के चैनपुर स्थित शशिकला मध्य विद्यालय के कैम्पस से एक 12 वर्षीय 8वीं के छात्र का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई. शव मिलने की सूचना मिलते ही आस पास लोगों की भारी भीड़ जुट गई जिसके बाद आक्रोशित लोगों ने स्कूल का घेराव करते हुए स्कूल प्रसासन पर लापरवाही का आरोप लगाने लगे.
बुधवार से लापता था छात्र
मृतक छात्र की पहचान बिट्टू कुमार के रूप में की गई है जो शशिकला मध्य विद्यालय में ही 8वीं कक्षा में पढ़ता था. मृतक छात्र बुधवार से ही लापता था. इस बीच परिजन काफी खोजबीन कर रहे थे. मृतक छात्र के पिता का कहना है कि उसका लड़का कल स्कूल गया था लेकिन शाम तक जब वापस घर नहीं लौटा तो खोजबीन शुरू की, लेकिन उसका कुछ भी पता नही चल सका.

हाथ में जलने का निशान
आज सुबह जब स्कूल खुला तो स्कूल के बगल वाली गली में छात्र का शव पड़ा हुआ था और हाथ में जलने का निशान पाया गया. वहीं स्कूल के शिक्षक का कहना है कि छात्र कल स्कूल आया था लेकिन स्कूल बंद होने के बाद सभी छात्र और शिक्षक निकल गए थे. आज सुबह स्कूल पहुंचने पर लोगों की भीड़ जुटी थी और छात्र का शव स्कूल के बगल वाली गली में पड़ा हुआ मिला.
पुलिस कर रही मौत की जांच
वहीं, घटना की सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंचे सदर एसडीपीओ आलोक कुमार ने कहा कि छात्र के शव मिलने की सूचना पर मौके पर पुलिस और FSL की टीम पहुंची हुई है. मृतक छात्र के हाथ में जलने का निशान पाया गया है. प्रथम दृष्टया लग रहा है कि करंट लगने से छात्र की मौत हुई है. फिलहाल मृतक छात्र के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है, पुलिस सभी बिंदुओं पर बारीकी से तफ्तीश कर रही है.
ये भी पढ़ें-
हाजत से अपराधी फरार, CCTV में कैद हुई वारदात. दो पुलिसकर्मियों पर गिरी गाज
डीएमसीएच कैंपस में हॉस्टल के बाहर हत्या, ससुर ने दामाद को मारी गोली, आरोपी की मॉब लिंचिंग की कोशिश
समाजसेवी मनोज झा को जान से मारने की धमकी, शिरडी में प्राथमिकी दर्ज






