Jammu and Kashmir: जम्मू कश्मीर में हथियार सप्लाई करने वाला बिहार का छात्र गिरफ्तार हो गया है. जम्मू-कश्मीर पुलिस ने सोमवार को बिहार के एक बीटेक छात्र को गिरफ्तार किया, जिसके बारे में पुलिस ने बताया कि वह जम्मू और सांबा जिलों के गिरोहों को हथियार और गोला-बारूद का मुख्य आपूर्तिकर्ता था.
23 फरवरी को हुई थी गोलीबारी
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि बिहार के सीवान जिले के निवासी और जम्मू केंद्रीय विश्वविद्यालय से बीटेक कर रहे कैफ अहमद को 23 फरवरी को मीरान साहिब इलाके में एक शादी समारोह में हुई गोलीबारी की जांच के बाद गिरफ्तार किया गया.
बिहार से ले जाकर हथियार सप्लाई
पुलिस ने कहा कि अहमद, जो कथित तौर पर बिहार से अवैध रूप से हथियार लाकर जम्मू में गैंगस्टरों को बेचता था, पर भारतीय न्याय संहिता की धारा 109/3(5) और शस्त्र अधिनियम की धारा 3/25 के तहत मामला दर्ज किया गया है.
जांच के दौरान नाम आया सामने
उन्होंने बताया कि अहमद को 23 फरवरी की गोलीबारी के तीन आरोपियों में से एक, बलविंदर सिंह उर्फ़ गोरू जट्ट द्वारा पूछताछ में नाम लिए जाने के बाद गिरफ्तार किया गया. गोरू जट्ट को दो दिन पहले गिरफ्तार किया गया था. पुलिस ने बताया कि गोलीबारी के दो आरोपियों को घटना वाले दिन ही गिरफ्तार कर लिया गया था, जबकि जट्ट फरार हो गया था.
हो सकती है अभी और गिरफ्तारियां
पुलिस ने बताया कि सांबा जिले के विजयपुर के रंजरी निवासी जट्ट को मीरां साहिब के एसएचओ इंस्पेक्टर जय पाल शर्मा और सब इंस्पेक्टर अजेश सिंह जामवाल के नेतृत्व में पुलिस टीम ने विभिन्न स्थानों पर छापेमारी कर गिरफ्तार कर लिया. पुलिस ने बताया कि जट्ट के पास से एक पिस्तौल और कुछ कारतूस बरामद किए गए हैं. उन्होंने बताया कि मामले की जांच जारी है तथा और गिरफ्तारियां होने की संभावना है.
ये भी पढ़ें-
कलकत्ता आईआईएम के हॉस्टल में दुष्कर्म, आरोपी गिरफ्तार, शिक्षा मंत्री ने दिया ये आदेश
मधुबनी से चोरी कर हो गए मुजफ्फरपुर शिफ्ट, पुलिस ने वहां भी नहीं छोड़ा, तीन गिरफ्तार






