- संवाददाता- वीरेंद्र कुमार
Nalanda: बिहार सरकार ने समाज के कमजोर, वृद्ध, विधवा और दिव्यांग वर्गों के लिए एक ऐतिहासिक निर्णय लेते हुए मुख्यमंत्री सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के तहत मिलने वाली मासिक पेंशन राशि को ₹400 से बढ़ाकर ₹1100 कर दिया है. इस महत्वपूर्ण निर्णय की जानकारी उत्क्रमित मध्य विद्यालय, मुर्गियाचक, अस्थावां में आयोजित जागरूकता कार्यक्रम के माध्यम से ग्रामीणों को दी गई.
कार्यक्रम का संचालन विद्यालय के प्रधानाध्यापक शैलेश कुमार वर्मा एवं जीविका की क्लस्टर कोऑर्डिनेटर डिम्पल कुमारी ने संयुक्त रूप से किया. कार्यक्रम में भारी संख्या में ग्रामीण महिलाएं, बुजुर्ग, दिव्यांगजन तथा स्थानीय नागरिक उपस्थित थे.
प्रधानाध्यापक वर्मा ने बताया कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार द्वारा लिया गया यह फैसला समाज के हाशिये पर खड़े लोगों को आर्थिक संबल प्रदान करेगा. उन्होंने कहा कि बढ़ी हुई पेंशन राशि से लाभार्थियों की बुनियादी जरूरतें पूरी करने में मदद मिलेगी और उनका जीवन स्तर बेहतर होगा.
जीविका की क्लस्टर कोऑर्डिनेटर डिम्पल कुमारी ने योजना से जुड़ी प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि लाभ प्राप्त करने के लिए पात्र व्यक्तियों को पंचायत स्तर पर आवेदन करना होगा. आवेदन के साथ आधार कार्ड, आय प्रमाण पत्र और पासपोर्ट साइज फोटो जैसे आवश्यक दस्तावेज संलग्न करना अनिवार्य होगा. उन्होंने कहा कि यह योजना विशेषकर ग्रामीण क्षेत्रों में निवासरत वृद्ध, विधवा और दिव्यांग जनों के लिए अत्यंत लाभकारी है.
कार्यक्रम में महिलाओं की विशेष भागीदारी रही. कई लाभार्थियों ने बढ़ी हुई पेंशन को ‘सरकार द्वारा दिया गया सामाजिक सुरक्षा का मजबूत आधार’ बताया और इस पहल की सराहना की. उपस्थित लोगों ने इसे अंतिम पंक्ति तक सरकारी सुविधाएं पहुंचाने की दिशा में एक सार्थक प्रयास करार दिया.
कार्यक्रम के समापन पर प्रधानाध्यापक ने सभी से आग्रह किया कि वे इस योजना की जानकारी अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाएं, ताकि कोई भी पात्र व्यक्ति इस सुविधा से वंचित न रह जाए.
ये भी पढ़ें-
मधुबनी जिला ने इस मामले में बनाया नया रिकॉर्ड, साढ़े 5 लाख से अधिक लोगों के खाते में आए 1100 पेंशन
चुनाव से पहले नीतीश कुमार का मास्टर स्ट्रोक, 400 से बढ़ाकर 1100 रुपए की गई पेंशन राशि






