- रिपोर्ट- अमर कुमार कर्ण
Madhubani: मधुबनी के सौराठ में जिला स्तरीय भव्य कार्यक्रम का आयोजन मिथिला चित्रकला संस्थान में किया गया. इस कार्यक्रम का उद्घाटन मधुबनी की प्रभारी मंत्री लेशी सिंह ने किया. इस दौरान मधुबनी में कुल 5 लाख 53 हजार 848 लाभार्थियों के खाते में सामाजिक सुरक्षा पेंशन के अंतर्गत पैसे ट्रांसफर किए गए. मधुबनी में सबसे अधिक संख्या में लाभार्थी हैं, जो कि जिले के लिए गर्व की बात है.
मुख्यमंत्री द्वारा पेंशन राशि में की गई वृद्धि से वृद्धजन, विधवा एवं दिव्यांगजनों के जीवन में आत्मनिर्भरता एवं सम्मानजनक परिवर्तन आएगा. उन्होंने मुख्यमंत्री के प्रति जिलेवासियों की ओर से आभार व्यक्त करते हुए इसे जनकल्याणकारी सही निर्णय बताया.
पटना स्थित मुख्यमंत्री सचिवालय से आयोजित एक राज्यव्यापी कार्यक्रम के दौरान सीएम नीतीश कुमार ने सामाजिक सुरक्षा पेंशन के अंतर्गत राज्य के 1 करोड़ 11 लाख से अधिक पेंशनधारियों के बैंक खातों में जून माह से बढ़ी हुई पेंशन की राशि ₹1,227.27 करोड़ का डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) के माध्यम से हस्तांतरण किया.
मधुबनी ने बनाया रिकॉर्ड
राज्य भर में मधुबनी जिला को इस योजना के तहत सर्वाधिक ₹61 करोड़ 08 लाख 23 हजार 800 रुपये की राशि DBT के माध्यम से पेंशनधारियों को प्रदान की गई, जो कि राज्य में सर्वाधिक है. मधुबनी में कुल लाभार्थियों की संख्या 5,53,848 है.
- इंदिरा गांधी राष्ट्रीय वृद्धावस्था पेंशन योजना 2,19,109
- मुख्यमंत्री वृद्धजन पेंशन योजना 2,40,377
- बिहार निःशक्तता पेंशन योजना 30,369
- लक्ष्मीबाई सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना 18,638
- इंदिरा गांधी राष्ट्रीय विधवा पेंशन योजना 37,241
- इंदिरा गांधी राष्ट्रीय निःशक्तता पेंशन योजना 8,114
- कुल पेंशन योजना लाभुकों की संख्या 5,53,848
कार्यक्रम में आनंद शर्मा, जिलाधिकारी, मधुबनी, संतोष कुमार, अपर समाहर्ता (आपदा), डीपीआरओ परिमल कुमार, सहायक निदेशक सामाजिक सुरक्षा कोषांग आशीष अमन, जिला कार्यक्रम पदाधिकारी, आईसीडीएस, जिला कार्यक्रम प्रबंधक, जीविका जिला कल्याण पदाधिकारी, जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी वरीय उप समाहर्ता एवं सामाजिक सुरक्षा प्रकोष्ठ के कर्मी आदि उपस्थित थे.






