Madhubani: मधुबनी में भारत नेपाल सीमा पर एसएसबी जवानों की कुछ लोगों के साथ झड़प हो गई. लोगों ने एसएसबी जवान के हथियार लूटने की कोशिश की. इस दौरान जवान को फायरिंग करनी पड़ी, जिसमें एक व्यक्ति घायल हो गया, वहीं एक जवान भी घायल हुआ है. पांच राउंड फायरिंग की बात सामने आ रही है. जिले के बासोपट्टी थाना क्षेत्र की यह घटना है.
एसएसबी चेक पोस्ट पर पथराव
घटना के बारे में बताया जा रहा है कि बुधवार की सुबह मधुबनी जिले के बासोपट्टी थाना क्षेत्र के महीनाथपुर गांव में एसएसबी चेक पोस्ट के पास चार युवक संदिग्ध रूप से कच्चे रास्ते से सीमा पार करने की कोशिश कर रहे थे. इस दौरान एसएसबी के जवानों ने उन्हें सही रास्ते से जाने की सलाह दी. जिसके बाद मौके पर काफी लोग जमा हो गए. एसएसबी जवानों और स्थानीय लोगों के बीच हाथापाई हो गई. फिर पथराव होने लगा. उसी में से कुछ लोगों ने जवानों से हथियार छीनने की कोशिश की.
हथियार छीनने की कोशिश में फायरिंग
अपनी जान बचाने के लिए एसएसबी जवान ने आत्मरक्षा में फायरिंग की, जिसमें एक व्यक्ति और एक जवान घायल हो गए. स्थिति को नियंत्रण में लाने के लिए मुजफ्फरपुर से एसएसबी के बड़े अधिकारी और जिले के पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे. इस मामले में एक अपराधी को गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि बाकी फरार है, जिनकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं. मामले की जांच हो रही है. फिलहाल बॉर्डर पर हालात स्थिर हैं.
बॉर्डर सुरक्षा से समझौता नहीं
गोलीबारी में घायल स्थानीय भरत पासवान को डीएमसीएच में भर्ती कराया गया है. वहीं, घायल जवान को जयनगर अनुमंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है. सीसीटीवी फुटेज के आधार पर उपद्रवियों की पहचान हो गई है. एक को गिरफ्तार कर लिया गया है. बाकी को भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा. प्रशासन की ओर से कहा गया है कि सीमा सुरक्षा से कोई समझौता नहीं किया जाएगा और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी.
ये भी पढ़ें-
मधुबनी में पुलिस पब्लिक के बीच हिंसक झड़प, हथियार छीनने की कोशिश, कई राउंड फायरिंग






