- संवाददाता- वीरेंद्र कुमार
Nalanda: नालंदा में मरीज की मौत पर अस्पताल में बवाल. बिहार थाना क्षेत्र के मॉडल सदर अस्पताल, बिहारशरीफ मंगलवार को रणक्षेत्र में तब्दील हो गया. मरीज की मौत की सूचना पर परिजनों ने अस्पताल परिसर में जमकर हंगामा, तोड़फोड़ और उत्पात मचाया. आक्रोशित भीड़ ने ड्यूटी पर तैनात नर्स, गार्ड और डॉक्टरों तक पर हमला कर दिया.
मिली जानकारी के अनुसार, दीपनगर थाना क्षेत्र के नेपुरा गांव निवासी संजय सिंह नवरात्रि के दौरान मां की आराधना कर रहे थे. बताया जाता है कि उन्होंने आठवें दिन कलश सीने पर रखकर व्रत-पूजा की. इसी दौरान उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई. आनन-फानन में परिजन उन्हें मॉडल अस्पताल, बिहारशरीफ लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया.
मौत की खबर सुनते ही परिजन बेकाबू हो गए और अस्पताल परिसर में जमकर तोड़फोड़ शुरू कर दी. हालात बिगड़ते देख स्टाफ ने अपनी जान बचाकर किसी तरह खुद को सुरक्षित किया. ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक ने चेतावनी दी कि अगर सुरक्षा नहीं बढ़ाई गई तो डॉक्टर काम नहीं करेंगे.
घटना की सूचना पर सदर डीएसपी धूल हक मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित किया. उन्होंने कहा कि तोड़फोड़ व हमले में शामिल लोगों की पहचान कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी.
ये भी पढ़ें-
सांप काटने से तड़पते मरीज को नहीं मिला इलाज, परिजन बोले– डॉक्टर नदारद थे, जांच कर कार्रवाई हो






