- रिपोर्ट- फिरोज अहमद
Darbhanga: बेनीपुर बिशनपुर सड़क चौड़ीकरण और एसएच- 88 पर ओवरब्रिज की स्वीकृत मिल गई है. करोड़ों रुपए की लागत से बनने वाली बेनीपुर क्षेत्र अंतर्गत दो परियोजनाओं का बिहार सरकार द्वारा स्वीकृति दिए जाने को लेकर अनुमंडल क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई है. इससे न केवल बेनीपुर विधानसभा क्षेत्र बल्कि दरभंगा जिले के पूर्वांचल क्षेत्र से लेकर सहरसा, सुपौल, खगड़िया जिले तक की आवागमन सुलभ हो जाएगी.
बता दें कि पिछले सप्ताह विधायक प्रोफेसर विनय कुमार चौधरी की पहल के बाद बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के द्वारा बेनीपुर बिशनपुर 12 किलोमीटर पथ निर्माण विभाग के अधीनस्थ का दोहरीकरण एवं वरुना रसियारी एसएच 88 के बेनीपुर में मिलन स्थल पर ओवरब्रिज निर्माण की स्वीकृति दी गई है, जिसे लेकर स्थानीय लोगों ने खुशी व्यक्त करते हुए बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को साधुवाद देते हुए स्थानीय विधायक प्रो विनय कुमार चौधरी को बधाई दी है.
वरुना से रसियारी तक नवनिर्मित एसएच 88 के निर्माण होने के बाद बेनीपुर दुर्गा मंदिर चौक पर अक्सर जाम की स्थिति उत्पन्न होती थी और खासकर बिरौल गंडौल पथ चालू होने के बाद सहरसा, सुपौल, खगड़िया सहित जिले के पूर्वी भाग का यातायात का मुख्य मार्ग बेनीपुर होकर ही गुजरता है. फलस्वरूप सड़कों पर वाहनों का दबाव दिनानुदिन बढ़ता ही जा रहा है. जिससे क्रॉसिंग स्थल पर जाम होना आम बात हो गई है. जिससे बेनीपुर भारत चौक से लेकर अंबेडकर चौक एवं आशापुर टावर चौक तक जाम होना बेनीपुर की नियति बन गई थी. लेकिन इस ओवर ब्रिज बन जाने के बाद यातायात सुलभ होगी.
दूसरी ओर बेनीपुर भारत चौक से बिशनपुर पथ (भाया पोहद्दी, महिनाम, कहुआ) वर्षो पूर्व ग्रामीण कार्य विभाग से पथ निर्माण विभाग में स्थानांतरित कर दी गई लेकिन सड़क की चौड़ाई वर्तमान समय में मात्र 3.5 मी ही थी. जिसके कारण विपरीत दिशा से आ रही गड़ियों को साइड लेने में काफी कठिनाई का सामना करना पड़ता था और सड़क में व्याप्त अतिक्रमण के कारण दिनानुदिन सड़क का दायरा सिकुड़ता जा रहा था. लेकिन विधायक के इस प्रयास के बाद सरकार द्वारा निर्माण की स्वीकृति मिलने से आम लोगों में खुशी की लहर दौड़ गई है.
भाजपा नेता राम नारायण ठाकुर, राम सागर ठाकुर, मुनेंद्र यादव, रजनीश सुन्दरी, कैलाश झा जदयू के प्रखंड अध्यक्ष कीर्ति मोहन झा, प्रेम कुमार झा, मनोज साहनी, सहित दर्जनों कार्यकर्ताओं ने दोनों योजनाओं की स्वीकृति पर खुशी व्यक्त करते हुए बिहार सरकार के मुखिया नीतीश कुमार एवं पथ निर्माण मंत्री नितिन नवीन को साधुवाद दिया है एवं स्थानीय विधायक प्रोफेसर विनय कुमार चौधरी के प्रति आभार व्यक्त किया है.
ये भी पढ़ें-
मिथिला के लिए वरदान साबित होगी कोसी नहर परियोजना, नीतीश कैबिनेट ने दिए 7832.29 करोड़
बेनीपुर बिलट महथा आदर्श कॉलेज में पीजी की पढ़ाई जल्द, विधायक की पहल पर कार्रवाई






