Patna: पटना में बड़े उद्योगपति गोपाल खेमका की हत्या कर दी गई है. बड़े बिजनेसमैन गोपाल खेमका की गोली मारकर हत्या कर दी गई है. अपराधी उनके घर के बार इंतजार कर रहे थे, जैसे ही गोपाल खेमका घर पहुंचकर गाड़ी से उतरे अपराधी ने उन्हें गोली मार दी. जिससे उनकी मौत हो गई.
घात लगाए अपराधियों ने मारी गोली
घटना के बारे में बताया जा रहा है कि शुक्रवार की देर रात लगभग साढ़े ग्यारह बजे गांधी मैदान थाना क्षेत्र के रामगुलाम चौक के पास उद्योगपति गोपाल खेमका अपने घर पहुंचे. गोपाल खेमका जैसे ही गाड़ी से बाहर निकले अपराधी ने उन्हें गोली मार दी. आनन फानन में उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.
देर से पहुंची पुलिस
गोपाल खेमका के परिजनों ने पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए हैं. उनका कहना है कि गांधी मैदान थाना घटनास्थल से महज 300 मीटर दूरी पर है, फिर भी पुलिस दो घंटे बाद पहुंची. परिजनों ने कहा कि उन्होंने पुलिस को तुरंत घटना को सूचना दी थी. हालांकि पुलिस का कहना है कि उन्हें जैसे ही सूचना मिली वो पहुंच गए.
एसपी ने क्या कहा
पटना सेंट्रल एसपी दीक्षा ने कहा कि गांधी मैदान थाना क्षेत्र के एक अपार्टमेंट के बाहर मशहूर बिजनेसमैन को अपराधियों ने गोली मार दी. पुलिस जब स्पॉट पर पहुंची तो वहां खोखा और गोली मिले. मौके पर एफएसएल टीम को बुलाकर जांच की गई.
डीजीपी ने बनाई एसआईटी
मामला हाई प्रोफाइल होने की वजह से डीजीपी विनय कुमार ने भी मोर्चा संभाल लिया है. उन्होंने एसआईटी का गठन कर दिया है. एसपी सेंट्रल इस एसआईटी का नेतृत्व करेंगे. जल्द ही अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा.
पप्पू यादव ने उठाए सवाल
घटना के कुछ देर बाद मौके पर सांसद पप्पू यादव भी पहुंच गए. उन्होंने बिहार पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाए. पप्पू यादव ने सवाल किया कि आखिर यह परिवार कब तक बलि देता रहेगा. उन्होंने कहा कि थाना से महज 300 मीटर दूर यह पॉश इलाका है और कई आला अधिकारियों के घर बेहद पास है. ऐसे में सरेआम अपराधी आते हैं और एक उद्योगपति को गोली मारकर आराम से चले जाते हैं. यह बिहार में क्या हो रहा है.
7 साल पहले बेटा की हत्या
बता दें कि 2018 में उनके बेटे गुंजन खेमका की भी हत्या हो गई थी. हाजीपुर इंडस्ट्रियल एरिया में उनकी कॉटन फैक्ट्री के सामने उन्हें अपराधियों ने गोली मार दी थी. दूसरे बेटे गौरव खेमका आईजीएमएस में डॉक्टर हैं. बेटी लंदन में रहती है. गोपाल खेमका का पेट्रोल पंप से लेकर फैक्ट्री और अस्पताल का बिजनेस है.
ये भी पढ़ें-
पटना में डबल मर्डर, घर में घुसकर अपराधियों परिवार के तीन लोगों पर की फायरिंग, लोगों ने बनाया वीडियो
पटना के मरीन ड्राइव पर अपराधियों के साथ पुलिस की मुठभेड़, एक के पैर में लगी गोली






