- रिपोर्ट- वीरेंद्र कुमार
Nalanda: नालंदा जिले के हिलसा थाना क्षेत्र अंतर्गत मदारचक गांव से एक हृदय विदारक घटना सामने आई है. यहां एक मानसिक रूप से बीमार व्यक्ति ने पहले अपनी पत्नी की बेरहमी से पिटाई कर उसकी हत्या कर दी, फिर खुद को एक कमरे में बंद कर लिया. कुछ देर बाद उसकी भी मौत हो गई. घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसर गया है.
मृतक की पहचान छट्ठू रविदास के रूप में हुई है. जानकारी के अनुसार, छट्ठू पिछले कई वर्षों से मानसिक बीमारी से ग्रसित था. कुछ साल पहले उसे ब्रेन हेमरेज हुआ था, जिसके बाद मानसिक संतुलन बिगड़ गया था. परिवार ने उसका इलाज रांची स्थित मानसिक चिकित्सालय से कराया था. इलाज के बाद कुछ समय तक उसकी हालत सामान्य रही, लेकिन बीते कुछ दिनों से वह फिर मानसिक तनाव में रहने लगा था.
हत्या के बाद खुद को किया कमरे में कैद
स्थानीय कहा कि पिछले पांच दिनों से छट्ठू का व्यवहार असामान्य हो गया था. शनिवार की सुबह उसने अचानक अपनी पत्नी पर हमला कर दिया और डंडे से पीट-पीटकर उसकी जान ले ली. घटना को अंजाम देने के बाद वह खुद को एक कमरे में बंद कर लिया, जहां कुछ घंटों बाद उसकी भी मौत हो गई.
दोनों शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे गए
घटना की सूचना मिलते ही हिलसा डीएसपी राजेश रंजन पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. मौके से कुछ घरेलू सामान और लकड़ी के डंडे भी बरामद किए गए हैं.
“प्रथम दृष्टया मामला मानसिक बीमारी से जुड़ा प्रतीत होता है. मृतक का इलाज रांची के मानसिक अस्पताल में हो चुका था. फिलहाल पूरे मामले की जांच की जा रही है.” राजेश रंजन, डीएसपी, हिलसा
ग्रामीणों ने कहा कि छट्ठू की मानसिक हालत पिछले कुछ दिनों से बिगड़ती जा रही थी. वह अजीब व्यवहार कर रहा था, लेकिन किसी ने अनुमान नहीं लगाया था कि वो ऐसा कदम उठा सकता है.
ये भी पढ़ें-
नालंदा में नवविवाहिता की दहेज के लिए हत्या, संदिग्ध हालत में मिला शव, पति समेत चार पर केस






