रिपोर्ट- वीरेंद्र कुमार
Nalanda: नालंदा जिले के सारे थाना क्षेत्र के झराह पर गांव में एक विवाहिता की संदिग्ध हालात में मौत हो गई. मृतका की पहचान हरनौत थाना क्षेत्र के खैरा गांव निवासी अनिल यादव की 24 वर्षीय पुत्री बबली देवी के रूप में हुई है. 5 साल पहले उसकी शादी कुंदन यादव से हुई थी. बबली को आठ माह का एक बेटा विक्की कुमार है.
पैसों के लिए हत्या का आरोप
मृतका की फुआ कविता देवी और बहन लाखो देवी ने बताया कि बबली का अपने पति कुंदन यादव से आए दिन पैसों को लेकर विवाद होता था. कुंदन यादव बाहर काम करता था और अपनी कमाई मां व बहन के खातों में भेजता था, जिससे बबली को पैसों की तंगी झेलनी पड़ती थी. परिजनों का आरोप है कि इसी विवाद को लेकर ससुरालवालों ने उसे जहर देकर मार डाला.
थाने में नहीं की गई शिकायत
सूचना मिलते ही सारे थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बिहारशरीफ सदर अस्पताल भेज दिया. थाना अध्यक्ष ने बताया कि फिलहाल मामले में लिखित शिकायत नहीं मिली है. आवेदन मिलते ही आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी. पुलिस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है.
एक दिन पहले एक और हत्या
बता दें कि एक दिन पहले ही नालंदा जिले के नूरसराय थाना क्षेत्र के मकनपुर गांव में बुधवार रात एक नवविवाहिता की संदिग्ध हालात में मौत हो गई थी. मृतक की पहचान 20 वर्षीय निशु कुमारी के रूप में हुई है, जिसकी शादी करीब 10 माह पहले रोहित चौहान से हुई थी. मृतका के पिता दिनेश चौहान ने ससुराल पक्ष पर दहेज के लिए हत्या का आरोप लगाया है.






