Patna: रविवार को एक बार फिर यूट्यूबर मनीष कश्यप पीएमसीएच पहुंचे. वहां पर बाहर में फूट-फूटकर रोते दिखे. इस दौरान उन्होंने रोते हुए कहा कि इन लोगों ने बेवजह मारा, मेरी जिंदगी खराब कर दी. वहीं, उन्होंने रेप पीड़ित बच्ची की मौत पर भी सवाल खड़े किए.
रेप पीड़ित की मौत पर उठाए सवाल
पीएमसीएच में रविवार को मुजफ्फरपुर की रेप पीड़ित बच्ची की मौत के बाद फिर से यूट्यूबर मनीष कश्यप वहां पहुंचे. पीएमसीएच के बाहर मनीष कश्यप फूट-फूटकर रोने लगे. मेडिकल कॉलेज अस्पताल के प्रबंधन की कार्यशैली पर सवाल उठाया. उन्होंने कहा कि जिस बच्ची का बलात्कार हुआ, उसे पीएमसीएच वालों ने मार दिया. एक बच्ची को मार दिया लेकिन उन्हें शर्म नहीं आई. मनीष कश्यप ने बिहार के स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडे पर निशाना साधा.
रो-रोकर सुनाई आपबीती
पीएमसीएच के बाहर रोते हुए यूट्यूबर मनीष कश्यप ने कहा कि इन लोगों ने बेवजह मुझे भी पीटा, मेरा कॉलर पकड़कर मेरे साथ मारपीट की. आरोप लगाया कि मैं बाउंसर लेकर अस्पताल पहुंचा था. मनीष कश्यप कभी बाउंसर लेकर नहीं घूमता. जहां जाता हूं, अकेले जाता हूं. उस दिन सिर्फ तीन लोगों के साथ अस्पताल पहुंचा था.
ये भी पढ़ें- यूट्यूबर मनीष कश्यप को PMCH के डॉक्टरों ने पीटा, 3 घंटे तक कमरे में रखा बंद
डॉक्टरों ने मनीष कश्यप को बंधक बनाकर मारा
बता दें कि पिछले महीने 19 मई को यूट्यूबर मनीष कश्यप के साथ पीएमसीएच के डॉक्टर ने मारपीट की थी. पिटाई के बाद उन्हें एक कमरे में तीन घंटे तक बंद कर रखा था. पुलिस के हस्तक्षेप के बाद डॉक्टरों ने मनीष कश्यप को छोड़ा. उस दिन किसी मरीज की पैरवी करने यूट्यूबर वहां पहुंचे थे. जब वह वीडियो बनाने लगे तब वहां मौजूद डॉक्टरों के साथ उनका विवाद हो गया फिर मारपीट की नौबत आ गई. जिसके बाद से मनीष कश्यप पीएमसीएच प्रबंधन पर लगातार हमलावर हैं.






