Madhubani: नल-जल योजना में लापरवाही बरतने वाले संवेदकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गई है. दो को डिबार कर दिया गया है और प्राथमिकी दर्ज कराई गई है. जिला प्रशासन मधुबनी द्वारा “हर घर नल का जल” निश्चय योजना के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु लगातार मॉनिटरिंग और निगरानी की जा रही है. योजना में लापरवाही बरतने एवं विभागीय निर्देशों की अनदेखी करने वाले संवेदकों के विरुद्ध सख्त कदम उठाए गए हैं.
डिबार की कार्रवाई
ब्रजेश कुमार, संवेदक (पता – 301, राज कंपलेक्स, 90 फीट रोड, कंकड़बाग, पटना, पिन: 800020) को लोक स्वास्थ्य प्रमंडल, मधुबनी की योजनाओं में लगातार लापरवाही, संविदानुसार शर्तों का उल्लंघन एवं कार्य में शिथिलता बरतने के कारण डिबार किया गया है. संवेदक की सूचीबद्धता संख्या – 220820240572 को निरस्त करते हुए आगामी निविदाओं में भाग लेने से वंचित किया गया है.
प्राथमिकी दर्ज
कार्यपालक अभियंता, लोक स्वास्थ्य प्रमंडल, मधुबनी एवं झंझारपुर से प्राप्त प्रतिवेदनों के आधार पर 2 संवेदकों के विरुद्ध बिहार आपदा प्रबंधन अधिनियम की धारा 56 के तहत प्राथमिकी दर्ज कराई गई है. अन्य दोषी संवेदकों की भी पहचान कर विधि-सम्मत कार्रवाई की जाएगी.
जल संकट के समाधान हेतु वाहन उपलब्धता
कम बारिश के कारण उत्पन्न पेयजल संकट को देखते हुए, 100-100 पिकअप भान/मैजिक गाड़ियों की मांग कार्यपालक अभियंता के माध्यम से जिला परिवहन पदाधिकारी, मधुबनी को भेजी गई है, ताकि आवश्यक गांवों/पंचायतों में सिंटेक्स टैंक के माध्यम से जलापूर्ति सुनिश्चित की जा सके.
प्रशासनिक समन्वय
सभी अनुमंडल पदाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी एवं थानाध्यक्षों को निर्देशित किया गया है कि वे लोक स्वास्थ्य प्रमंडल के कनीय अभियंताओं को आवश्यकता अनुसार वाहन उपलब्ध कराएं.
हेल्पलाइन जारी
जलापूर्ति संबंधी शिकायतों या सूचनाओं के लिए एक हेल्पलाइन/व्हाट्सएप नंबर जारी किया गया है, ताकि आमजन त्वरित रूप से अपनी समस्याएं साझा कर सकें.
टास्क फोर्स का गठन
जिला प्रशासन द्वारा जल संकट से निपटने हेतु एक टास्क फोर्स का गठन किया गया है, जो स्थिति पर सतत निगरानी रख रही है.
लगातार मॉनिटरिंग
जिला पदाधिकारी, मधुबनी द्वारा स्वयं एवं लोक स्वास्थ्य प्रमंडल, मधुबनी तथा झंझारपुर के कार्यपालक अभियंताओं द्वारा भी लगातार जलापूर्ति व्यवस्था का लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है. जिला प्रशासन, मधुबनी आमजन को समुचित पेयजल उपलब्ध कराने हेतु पूरी तरह कटिबद्ध है. नल-जल योजना के सफल क्रियान्वयन में बाधा बनने वाले किसी भी संवेदक, पदाधिकारी या एजेंसी के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी.
आपदा नहीं है भारी, यदि पूरी है तैयारी. सजग रहें, सतर्क रहें. किसी भी प्रकार की सहायता या सूचना के लिए जिला नियंत्रण कक्ष के दूरभाष नंबर पर 06276-222576 पर संपर्क करें.
ये भी पढ़ें-
सीएम नीतीश कुमार ने मधुबनी को दी 823 करोड़ की सौगात, जयनगर-खजौली मार्ग में बनेगा रेलवे ओवरब्रिज
मधुबनी जिला ने इस मामले में बनाया नया रिकॉर्ड, साढ़े 5 लाख से अधिक लोगों के खाते में आए 1100 पेंशन






