- रिपोर्ट- राकेश कुमार यादव
Madhubani: बिस्फी में भैरवा श्रावणी मेला 2025 के दौरान विधि व्यवस्था और सौहार्दपूर्ण वातावरण में मेला आयोजन को लेकर टीसीपी भवन में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई. बैठक की अध्यक्षता जिलाधिकारी आनंद शर्मा ने की. बैठक में डीएम ने शांति समिति के सभी सदस्यों का स्वागत करते हुए कहा कि इस वर्ष श्रावण मास का शुभारंभ 11 जुलाई 2025 से होगा और श्रावणी पूर्णिमा एवं रक्षाबंधन का पर्व 9 अगस्त 2025 को मनाया जाएगा.
तेज तर्रार अधिकारियों की होगी तैनाती
मधुबनी के डीएम आनंद शर्मा ने कहा कि श्रावण मास धार्मिक आस्था परंपरा एवं सांस्कृतिक महत्व से जुड़ा पर्व है. जिसमें विशेष कर सोमवारी को उगना महादेव, मंदिरों में श्रद्धालुओं की बड़ी संख्या में भीड़ उमड़ती है. उन्होंने कहा कि इस अवसर पर विधि व्यवस्था संधारण एवं आपसी सौहार्दपूर्ण वातावरण में मेले का आयोजन को लेकर सभी महत्वपूर्ण एवं संवेदनशील स्थलों पर पर्याप्त संख्या में तेज तर्रार दंडाधिकारियों एवं पुलिस पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की जाएगी, साथ ही काफी संख्या में पुलिस बल की भी तैनाती होगी.

सीसीटीवी कैमरे से मॉनिटरिंग
उन्होंने कहा कि सभी महत्वपूर्ण एवं संवेदनशील स्थलों पर सीसीटीवी कैमरे एवं वीडियोग्राफी द्वारा नजर रखी जाएगी. चिन्हित सभी संवेदनशील स्थलों एवं कांवरियों के गुजरने वाले मार्गों पर विशेष रूप से निगरानी रखी जाएगी. सांप्रदायिक सौहार्द को बिगाड़ने की मंशा रखने वाले असामाजिक तत्वों पर नजर रखने एवं उनके विरुद्ध कड़ी कार्रवाई किए जाने के निर्देश दिए गए हैं. सभी चयनित स्थलों पर बैरिकेडिंग एवं ड्राप गेट के निर्माण का भी निर्देश दिया है.
सोशल मीडिया पर पैनी नजर
डीएम ने सोशल मीडिया पर भी कड़ी निगरानी बरते जाने के निर्देश दिए हैं. ताकि असामाजिक तत्वों द्वारा अफवाह फैलाने के प्रयास को रोका जा सके. पुलिस अधीक्षक योगेंद्रर कुमाार ने कहा है कि सोशल मीडिया पर भी कड़ी नजर रखी जाएगी जैसे ही कोई अप्पतिजनक एवं अफवाह फैलाने, सामाजिक समरसता को बिगाड़ने वाले पोस्ट नजर आता है तो तुरंत अपने वरीय अधिकारियों को सूचित करें. छोटी-छोटी घटनाओं को भी पूरी गंभीरता से लेकर उसपर संज्ञान लेने तथा उसकी सूचना अपने वरीय अधिकारियों को देने का निर्देश दिया.
कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए अनुमंडल में नियंत्रण कक्ष की स्थापना की जाएगी. रोस्टर के हिसाब से अधिकारियों एवं कर्मियों की प्रतिनियुक्ति की जाए. उन्होंने कहा कि चिकित्सा दल, विद्युत आपूर्ति, गश्ती दल आदि के लिए पर्याप्त इंतजाम किए जाने के निर्देश भी दिए गए हैं.
डीजे पर प्रतिबंध
एसपी योगेंद्र कुमार ने कहा कि सादे लिबास में भी पुलिस बल की भी तैनाती होगी. निर्धारित क्षेत्र में ध्वनि विस्तारक यंत्र एवं डीजे पर पूर्ण रूप से रोक रहेगी और इसका सख्ती से अनुपालन करवाने का निर्देश भी दिया गया है. भाजपा विधायक हरी भूषण ठाकुर बचोल ने भी बैठक को संबोधित किया. शांति समिति के सदस्यों द्वारा बारी बारी से अपने सुझाव दिए गए साथ ही उनके द्वारा कई महत्वपूर्ण जानकारी भी साझा की गई.
ये भी पढ़ें-
मधुबनी डीएम का जनता दरबार, 102 लोगों की सुनी शिकायत, त्वरित कार्रवाई के दिए आदेश
मधुबनी में बाढ़ से पहले एक्शन में डीएम, तटबंधों का निरीक्षण कर अधिकारियों को दिया ये निर्देश






