- रिपोर्ट- विकास कुमार
Saharsa: सहरसा दौरे पर पहुंचे पूर्णिया सांसद पप्पू यादव ने बिहार में बढ़ते अपराध को लेकर सरकार पर जमकर हमला बोला है. उन्होंने कहा कि क्या अपराधी, माफिया, नेता, पदाधिकारी और दलाल ही इस बिहार के भाग्य विधाता हैं? पप्पू यादव मृतक छात्र आयुष आनंद के परिजनों से मिलने आए थे.
छात्र की हॉस्टल में हुई थी मौत
दरअसल बीते 12 जून को सदर थाना क्षेत्र के एक निजी कोचिंग संस्थान में BCA के छात्र आयुष आनंद का कोचिंग के कमरे में फंदे से लटका हुआ शव बरामद किया गया था और मृतक के परिजनों ने कोचिंग संचालक पर हत्या का आरोप लगाया था, जबकि पुलिस इसे आत्महत्या बता रही है.
परिजनों को पप्पू यादव ने दिलाया भरोसा
आज सांसद पप्पू यादव मृतक के पैतृक घर सिहौल पहुंचकर परिजनों से मिलकर सांत्वना दी और परिवार वालों को इंसाफ दिलाने का भरोसा दिलाया. इस दौरान सांसद पप्पू यादव ने कहा कि छात्र आयुष आनंद की मौत को लेकर उन्होंने वरीय पुलिस अधिकारियों से बात की है और इस घटना का उच्च स्तरीय जांच कराने की मांग की है.
पुलिस जांच पर उठाए सवाल
उन्होंने कहा कि अगर छात्र ने सुसाइड किया है तो फिर उसका क्या सबूत है. वहां एफएसएल की टीम गई थी पुलिस की टीम गई थी, छात्र का लैपटॉप फॉर्मेट किया गया है. मोबाइल रिसेट कर दिया गया उसके शरीर पर जख्म पाया गया. छात्र की मौत आखिर कैसे हुई यह जांच का विषय है. मृतक के परिवार वालों को न्याय दिलाने के लिए हम पूरी कोशिश करेंगे.
नीतीश सरकार पर साधा निशाना
उन्होंने सरकार पर निशाना साधते कहा कि आखिर बिहार में हत्याओं का दौर कब रुकेगा. आम आदमी की जिंदगी कब सुरक्षित होगी, क्या अपराधी, माफिया, नेता, पदाधिकारी और दलाल ही इस बिहार के भाग्य विधाता हैं. इन अपराधी माफियाओं का हिसाब कब होगा?
ये भी पढ़ें-
लॉरेंस बिश्नोई ने दी उपेंद्र कुशवाहा को जान से मारने की धमकी, कहा- इनके खिलाफ क्यों नहीं बोलते
यह जंगलराज नहीं, एनडीए का राक्षस राज है! VVIP इलाके में फायरिंग के बाद तेजस्वी का तंज






