- रिपोर्ट- विकास कुमार
Saharsa: बिहार राज्य संघर्ष समन्वय समिति बिहार के बैनर तले सहरसा में ग्रामीण आवास कर्मियों ने जोरदार प्रदर्शन किया. आवाज दो हम एक हैं, आवास कर्मी संघ जिंदाबाद’ के नारों के साथ कर्मियों ने 16 सूत्री मांगों को लेकर सेवा स्थायीकरण व मानदेय वृद्धि की मांग की.
राज्यव्यापी आंदोलन
राज्यव्यापी इस आंदोलन में पर्यवेक्षक संघ, लेखपाल संघ और आवास कर्मी सेवा संघ की संयुक्त भागीदारी रही. कर्मियों ने चेताया कि जब तक मांगे पूरी नहीं होती, तब तक धरना और अनिश्चितकालीन हड़ताल जारी रहेगी. प्रदर्शन में बड़ी संख्या में कर्मियों की भागीदारी रही.
16 सूत्री मांग
सहरसा जिले के 151 पंचायत में कार्यरत 116 कर्मियों ने 16 सूत्री मांगों को लेकर कहा हमें राज्य कर्मी का दर्जा दिया जाए, अस्थाई कर्मियों के अनुरूप सभी सुविधाओं का लागू किया जाए. साथ ही नियुक्ति नियोजन की तिथि से नियत वेतनमान के पद पर समायोजित किया जाए और स्थाई कर्मियों की भांति वेतनमान दिया जाए. उन्होंने कहा कि ग्रामीण आवास कर्मियों को समूह बीमा, चिकित्सा बीमा, राज्य बीमा, विशेष आवास योजना की सुविधा उपलब्ध कराई जाए और पुरानी पेंशन योजना को लागू किया जाए,
24 जून से अनिश्चितकालीन हड़ताल की चेतावनी
प्रदर्शनकारी हिमांशु ने कहा कि राज्य ग्रामीण आवास सेवा संघ की तरफ से पूरे राज्य में हमलोग दो दिन के लिए सांकेतिक हड़ताल पर हैं. हमारी मांगों को पूरा कर दिया जाता है तो हमलोग हड़ताल से वापस आ जाएंगे, नहीं तो 24 जून के बाद हमलोग अनिश्चितकालीन हड़ताल पर रहने के लिए तैयारी हैं. पर्यवेक्षक संघ, लेखपाल संघ और आवास कर्मी सेवा संघ तीनों संघ के सदस्य एक साथ हड़ताल पर जाएंगे. हमारी 16 सूत्री मांग है, जिसे सरकार को जल्दी मान लेनी चाहिए.






