Samastipur: मिथिलांचल के समस्तीपुर से एक मॉब लिंचिंग की खबर आ रही है. यहां पर गोली मारकर भाग रहे बदमाश को लोगों ने पकड़कर इतना पीटा की उसकी मौत हो गई. दो भाईयों को गोली मारकर अपराधी भाग रहे थे, इसी दौरान लोगों ने उन्हें पकड़ लिया और फिर वह भीड़ के चंगुल में फंस गया.
लोगों ने घेरकर पकड़ा
घटना के बारे में बताया जा रहा है कि हथियारबंद अपराधियों ने किराना दुकान करने वाले दो भाइयों पर फायरिंग कर दी, जिससे दोनों भाई गंभीर रूप से घायल हो गया. गोली की आवाज सुनते ही आस पास के लोग वहां पहुंच गए और दोनों अपराधियों को घेर कर पकड़ लिया. गुस्साई भीड़ ने दोनों को पीट-पीटकर मार डाला. दलसिंहसराय थाना क्षेत्र के सरदार गंज चौक की यह घटना है.
दुकानदार को मारी गोली
घटना की सूचना दलसिंहसराय थाना पुलिस को दी गई. पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और जांच में जुट गई. सरदारगढ़ चौक पर किराना दुकान चलाने वाले अभिषेक कुमार की दुकान पर रविवार को हथियारबंद अपराधी बाइक पर सवार होकर पहुंचे और लूटपाट करने लगे. वहीं, विरोध करने पर अपराधियों ने अभिषेक कुमार और उनके भाई पिंटू कुमार को गोली मार दी.
गोली की आवाज सुनकर लोगों की भीड़ घटनास्थल पर जुट गई. गोली मार रहे बदमाशों को लोगों ने पकड़ लिया. तीन में से एक अपराधी भागने में सफल रहा. पकड़े गए दोनों अपराधियों को लोगों ने पीट-पीटकर मार दिया. फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो पाई है.
एसपी ने कही ये बात
दोनों घायल व्यापारी को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है. समस्तीपुर के एसपी अशोक मिश्र ने कहा कि मामले की जांच की जा रही है. फिलहाल एक अपराधी फरार है, पुलिस उसकी तलाश कर रही है. घायल किराना व्यवसायी और उसके भाई का इलाज कराया जा रहा है.






