- संवाददाता- वीरेंद्र कुमार
Nalanda: नालंदा के राजगीर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स की ऐतिहासिक शाम रविवार को भारतीय हॉकी टीम के नाम रही. भारत ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कोरिया को 4-1 से मात देकर हीरो एशिया कप 2025 का खिताब अपने नाम कर लिया. इसी के साथ टीम इंडिया ने एफआईएच हॉकी वर्ल्ड कप 2026 के लिए भी क्वालीफाई कर लिया. यह खिताबी जीत भारत को लंबे आठ साल बाद हासिल हुई है.
भारत के लिए दिलप्रीत सिंह ने दो गोल दागे, जबकि सुखजीत सिंह और अमित रोहिदास ने एक-एक गोल कर टीम की जीत पक्की की. फाइनल जीत के बाद खिलाड़ियों को 3-3 लाख रुपये और सपोर्ट स्टाफ को 1.5 लाख रुपये इनाम देने की घोषणा की गई.
मैच देखने पहुंचे डिप्टी सीएम विजय सिन्हा और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सम्राट चौधरी सहित कई नेताओं ने बिहार की धरती को भारतीय हॉकी के लिए शुभ बताया. नेताओं ने कहा कि ट्रॉफी और वर्ल्ड कप टिकट के साथ भारत का सपना पूरा हुआ. बिहार की धरती खेलों के लिए सचमुच भाग्यशाली है. राजगीर ऐतिहासिक स्थल है और आज यह भारत को एशिया का नंबर वन बना रहा है.
गौरतलब है कि इससे पहले भारत ने 2003, 2007 और 2017 में एशिया कप जीता था. अब 2025 की इस जीत ने 2013 फाइनल की हार का हिसाब भी बराबर कर दिया.
ये भी पढ़ें-
Asia Cup Hockey 2025: भारत ने कजाकिस्तान को 15-0 से हराकर रचा इतिहास
Asia Cup Hockey 2025: भारत ने जापान को हराया, कृष्णन पाठक ने रचा इतिहास, आज कजाकिस्तान से मुकाबला






