- रिपोर्ट- विकास कुमार
Saharsa: सहरसा में दबंगों से शादी के लिए एक नाबालिग लड़की का अपहरण कर लिया लेकिन उस बच्ची के माता पिता की कोई सुनने वाला नहीं है. न समाज के लोग उसकी मदद कर रहे हैं और न ही पुलिस महकमा. 12 दिन से अधिक से एक माता पिता के आंख के तारे, जीने का सहारा गायब है, दबंग गाली गलौज कर रहे हैं, थाना के पुलिस प्रताड़ित कर रही है, लेकिन कोई उसकी बच्ची को ढूंढकर नहीं ला रहा है. हार थक कर गरीब परिवार एसपी के पास पहुंचा, उनसे न्याय की गुहार लगाई है.
8 जून से लापता है नाबालिग बच्ची
बिहार के सहरसा जिले के महिषी थाना क्षेत्र के बलुआहा वार्ड नंबर 13 निवासी आशा देवी पति सुधीर पासी ने अपनी 15 वर्षीय अपहृत नाबालिग पुत्री की सकुशल बरामदगी की गुहार लगाई है. इस संबंध में पीड़ित आशा देवी ने बताया कि विगत 8 जून की रात में उसकी बेटी शौच के लिए निकली जो अब तक वापस नहीं लौटी है.
गांव के लोग दे रहे हैं धमकी
वहीं, खोजबीन के क्रम में नवटोलिया झिटकी निवासी सिकंदर मुखिया, भोगेन्द्र मुखिया, शंभू मुखिया, केवला देवी, हेमिया देवी, शिवजी मुखिया, आनंदी मुखिया ने जाति सूचक गाली-गलौज देते हुए बताया कि तुम्हारी बेटी से सिकंदर मुखिया शादी करने के लिए ले गया है. तुम्हें जो करना है करो.
थाना प्रभारी कर रहे हैं प्रताड़ित
पीड़ित ने बताया कि इस संबंध में महिषी थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है. वहीं थानाध्यक्ष से नाबालिग पुत्री की बरामदगी को लेकर पूछे जाने पर उल्टे मुझे ही प्रताड़ित किया जा रहा है. इस संबंध में पुलिस अधीक्षक को आवेदन देकर दोषी लोगों के विरुद्ध उचित कानूनी कार्रवाई की मांग करते हुए अपहृत नाबालिग पुत्री की सकुशल बरामदगी की गुहार लगाई है. पीड़ित परिवार को एसपी से काफी उम्मीदें है. पीड़ित माता पिता को अपने आंख के तारे का इंतजार है. हर समय वह आंगन में यह सोचकर देखता है कि कहीं उसकी बेटी लौट तो नहीं आई.
ये भी पढ़ें-
कूड़ा चुनने वाले मजदूर की हत्या, अपराधियों ने पीट-पीटकर ले ली जान
सहरसा की ये खूनी जमीन, मिट्टी भरवाने के विवाद में मारपीट, बुजुर्ग की मौत






