Noida: एक इंजीनियर ने शेयर मार्केट के माध्यम से कम समय में ज्यादा मुनाफा कमाने की लालच में अपनी जीवन भर की कमाई गंवा दी. इतना ही नहीं उसने अपने दोस्तों और रिश्तेदारों से भी उधार लेकर निवेश किया था. साइबर अपराधियों ने उससे 65 लाख रुपए ठग लिए. पीड़ित की ओर से साइबर क्राइम थाने में इसकी शिकायत की गई है. जिन खातों में पैसे ट्रांसफर किए गए हैं, साइबर सेल की टीम उसकी जांच कर रही हैं. वहीं, खातों को फ्रीज भी किया जा रहा है.
शेयर मार्केट में निवेश कर अधिक मुनाफा की लालच
पीड़ित द्वारा साइबर क्राइम थाना में दी गई शिकायत के अनुसार सेक्टर- 119 में इंजीनियर आशु मलिक रहते हैं. अप्रैल महीने में कुछ लोगों ने उनसे संपर्क किया और उन्हें शेयर मार्केट में निवेश कर अधिक पैसे कमाने का ऑफर दिया. फिर उन्हें 20 अप्रैल को एक व्हाट्सएप ग्रुप से जोड़ा गया, जिसका नाम के-13 स्मार्ट स्टॉक गेन्सफ्यू था. ग्रुप एडमिन अपने आपको जीरोधा एप का ब्रोकर बता रहा था.
छोटे-छोटे रकम निवेश के लिए दबाव
व्हाट्सएप ग्रुप में पहले से ही 100 लोग जुड़े हुए थे. जो उन्हें मोटिवेट करने के लए शेयर मार्केट से कमाए प्रॉफिट का स्क्रीन शॉट ग्रुप में डाल रहे थे. आशु मलिक ग्रुप पर कड़ी नजर बनाए हुए थे. इस बीच एक महिला पीड़ित को काइट मार्ट इन पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन कर छोटा-छोटा निवेश करने पर के लिए दबाव डाल रही थी.
एप पर दिख रहा था एक करोड़ का मुनाफा
शिकायतकर्ता ने पहले कम पैसे निवेश किए. जिस पर पीड़ित को मुनाफा भी हुआ. उनसे पैसे निकाल भी लिए. अब आशु मिलक को विश्वास हो गया कि यह सही ग्रुप हैं. पीड़ित को निवेश के लिए ट्रेनिंग भी दी गई. फिर उसने ज्यादा मुनाफा के लिए ज्यादा निवेश करने का फैसला किया. उसके बाद पीड़ित ने 29 अप्रैस 2025 से 29 मई 2025 तक एक महीने के अंदर 11 बार में पांच खातों में 65 लाख रुपए ट्रांसफर कर दिए. एप पर एक करोड़ मुनाफा दिखा रहा था.
टैक्स के रूप में मांगे 50 लाख
जब पीड़ित ने अपने पैसे निकालने की इच्छा जाहिर की तो अलग-अलग तरह के टैक्स के रूप में 50 लाख रुपए मांगे गए. नहीं देने पर उसके बाकी पैसे के फंसने की धमकी दी जाने लगी. उसके बाद उन्होंने पीड़ित से संपर्क तोड़ लिया. फिर पीड़ित को ठगी का एहसास हुआ और शिकायत लेकर साइबर थाने पहुंच गए. पीड़ित इंजीनियर आशु मलिक का कहना है कि उसने अपनी जिंदगी की सारी कमाई गंवा दी, साथ ही निवेश के लिए दोस्तों और रिश्तेदारों से उधार भी लिए.
ये भी पढ़ें- डिजिटल अरेस्ट कर महिला से 50 लाख की ठगी, ईडी का दिखाया डर, कथित वर्चुअल कोर्ट में सुनवाई भी हुई






