Bikaner: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बीकानेर की जनसभा में आतंकवाद और पाकिस्तान के खिलाफ तीखे शब्दों में अपना रुख स्पष्ट कर दिया है. अपने संबोधन में पीएम मोदी ने 22 अप्रैल को भारत पर हुए आतंकी हमले के जवाब में भारतीय सेना के ऑपरेशन सिंदूर का जिक्र करते हुए कहा कि 22 मिनट में 9 आतंकी ठिकाने तबाह कर दिए गए.
140 देशवासियों ने लिया था संकल्प
पीएम मोदी ने कहा कि जो सिंदूर मिटाने निकले थे, वो मिट्टी में मिल गए. धर्म पूछकर मारे गए लोगों का हिसाब लिया गया है. वो गोलियां पहलगाम में चली थी, लेकिन उन गोलियों से 140 करोड़ देशवासियों का सीना छलनी हुआ था. इसके बाद हर देशवासी ने एकजुट होकर आतंकियों को मिट्टी में मिलाने का संकल्प लिया था.
22 मिनट में 22 अप्रैल का बदला
उन्होंने कहा कि सेना को खुली छूट दी गई है. तीनों सेनाओं ने मिलकर चक्रव्यूह रचा और दुश्मनों ने सिंदूर को बारूद बनते देखा. 22 अप्रैल का बदला 22 मिनट में लिया गया. प्रधानमंत्री ने फिर दोहराया कि अब भारत एटम बम की धमकियों से डरने वाला नहीं है. पाकिस्तान हमेशा सीधी लड़ाई हारता रहा है, अब घुटनों पर आ गया है. ये प्रतिशोध नहीं, न्याय का नया स्वरूप है. हथियारों का घमंड करने वाले आज मलबे में दबे पड़े हैं. जो हिंदुस्तान का लहू बहाते थे आज कतरे-कतरे का हिसाब चुका है. जो सोचते थे कि भारत चुप रहेगा, आज वो घर में दुबके पड़े हैं.
अब बात होगी तो PoK पर
पीएम मोदी ने कहा कि मेरे शरीर में लहू नहीं गर्म सिंदूर बह रहा है. मोदी का दिमाग ठंडा, लहू गर्म है. अब बात होगी तो सिर्फ Pok की होगी. पीएम मोदी ने यह भी स्पष्ट कर दिया कि पाकिस्तान को पानी नहीं मिलेगा. उन्होंने कहा कि जब एयर स्ट्राइक के बाद राजस्थान आया था तब कहा कि सौगंध मुझे इस मिट्टी की मैं देश नहीं मिटने दूंगा, मैं देश नहीं झुकने दूंगा.






